Ghaziabad News : भाजपा विधायक के रिश्तेदार की कोठी में घुसे संदिग्ध, फायरिंग में एक की मौत
Suspects enter BJP MLA's relative's house, one killed in firing
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 03:10 AM
Ghaziabad News : गाजियाबाद । टीला मोड़ थाना क्षेत्र में आज तड़के एक घर में घुसे संदिग्धों पर कोठी मालिक ने फायर झोंक दिया। बताया जा रहा है कि गोली लगने से एक संदिग्ध की मौत हो गई, जबकि उसके अन्य साथी भागने में कामयाब हो गए। यह सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज और थाना पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचा और मृतक की पहचान करने में जुटे रहे किंतु उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। जिस कोठी मालिक ने संदिग्ध पर गोली चलाई वह भाजपा के लोनी से विधायक के रिश्तेदार बताये जा रहे हैं। वहीं कोठी मालिक का दावा है कि संदिग्ध युवक लूट-चोरी के इरादे से घर में घुसे थे।
Ghaziabad News :
एसएसपी मुनिराज ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 4 बजे पुलिस को 112 नंबर पर सूचना मिली थी कि एक मोहल्ले में योगेंद्र मावी के घर पर कुछ बदमाश घुस आए हैं। पड़ोसी की छत से फायरिंग कर रहे हैं। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब पुलिस को कोई बदमाश नहीं दिखा। घर की तलाशी भी ली गई। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में योगेंद्र मावी ने लाइसेंसी पिस्टल से फस्र्ट फ्लोर के बेडरूम की बालकनी में फायरिंग की। बालकनी में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला है। ये आदमी कैसे अंदर आया, इसकी छानबीन हो रही है। घर के अंदर लूटपाट या चोरी नहीं हुई है। बदमाश अंदर एंट्री नहीं कर पाए हैं। फोरेंसिक, डॉग स्क्वायड टीम मौके पर है। सारे सबूत इकट्ठे हो रहे हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
Ghaziabad News :
पुलिस को घटनास्थल पर एक खाली बुलेट भी पड़ा मिला है। योगेंद्र मावी और उनके भाई ऋषि हवलदार पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं। इनकी कोठी टीला मोड़ थाना क्षेत्र में जावली रोड पर है। यह घर भाजपा विधायक की पत्नी के मामा का है। सुबह साढ़े 4 बजे हुई इस वारदात के बाद एसएसपी मुनीराज, एसपी सिटी निपुण अग्रवाल समेत कई थानों का फोर्स मौके पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।