Ghaziabad News : 'जड़ पदार्थों की पूजा से सूक्ष्म विचारों का नाश हो जाता है'
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:30 AM
गाजियाबाद। केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के तत्वावधान में 'ईश्वर भक्ति क्यों करें'विषय पर ऑनलाइन गोष्ठी का आयोजन किया गया।यह करोना काल में 426 वाँ वेबिनार था।वैदिक विदुषी श्रुति सेतिया ने कहा कि परमात्मा की भक्ति करने से बुद्धि,बल,तेज व पराक्रम की प्राप्ति होती है क्योंकि जो जिसकी भक्ति करेगा वैसे ही गुण उसके जीवन में आयेंगे।उन्होंने कहा कि प्रश्न उत्पन्न होता है कि हम परमात्मा की भक्ति क्यों करें? हम जड़ पदार्थों अथवा अल्प मनुष्यों की भक्ति क्यों ना करें? ईश्वर भक्ति से हमें क्या लाभ हो सकते हैं? यह प्रश्न वास्तव में बड़ा विचारणीय तथा गंभीर है।जो जिसका चिंतन करता है वह उसी के रंग में रंग जाता है,जो जिसका अधिक ध्यान करता है वह उसी का स्वभाव ग्रहण करता जाता है। यदि हम मनुष्यों की भक्ति करते हैं तो इसमें संदेह नहीं कि हम में उन उपास्य देवताओं के गुण आवेंगे, क्योंकि मनुष्य सारे के सारे ही अल्प ज्ञानी होते हैं,उनमें कमजोरियां होती है,इसलिए यह स्वाभाविक है कि मनुष्यों की पूजा और भक्ति करने से जहां हम उनके गुणों को ग्रहण करते हैं वहां अवगुण भी हम में आ जाते हैं। जड़ पदार्थों की पूजा करने से मनुष्य के अंदर सूक्ष्म विचारों का नाश हो जाता है, क्योंकि वह जड़ की न्यायी जड़ बन जाता है।
अध्यक्षता कर रही अंजु आहूजा (चंडीगढ़) ने कहा कि महर्षि दयानन्द सरस्वती जी ने निराकार सर्वशक्तिमान परमात्मा की उपासना करने पर बल दिया है। केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के अध्यक्ष अनिल आर्य ने संचालन करते हुए एक ईश्वर की स्तुति वा उपासना करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय मंत्री प्रवीण आर्य ने धन्यवाद ज्ञापन किया और कहा कि हम सी सी कैमरे की तरह उसकी निगरानी में रहते हैं।
गायिका कुसुम भंडारी,प्रवीना ठक्कर, कमलेश चांदना,कमला हंस,रचना वर्मा,विजय वधावन, ईश्वर देवी,कृष्णा पाहुजा, आशाआर्या,प्रतिभा कटारिया, रेखा गौतम आदि के मधुर भजन हुए।