Ghaziabad News : यशोदा की हाफ मैराथन : धावकों ने ‘रन फॉर योर हार्ट’ थीम पर 21 किलोमीटर की लगाई दौड़
हाफ मैराथन मे भाग लेने वाले प्रतिभागी।
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:30 AM
Ghaziabad : गाजियाबाद। वार्षिक यशोदा हाफ मैराथन के द्वितीय एडिशन के अवसर पर आज 21 किलोमीटर लंबी हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर दौड़ एवं 5 किलोमीटर वॉकाथान का आज तड़के आयोजन हुआ। यह हाफ मैराथन यशोदा हॉस्पिटल कौशाम्बी से शुरू होकर हिंडन एलिवेटेड रोड तक गयी और यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचकर खत्म हुई।
इस मैराथन में 2300 से भी ज्यादा लोगों ने भाग लिया। पीएम मोदी के फिट इंडिया हिट इंडिया अभियान से भी प्रेरित इस हाफ मैराथन में शहरी मामलों, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मुख्य अतिथि रहे। सड़क, परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग केंद्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे। आज प्रातः 6 बजे हरदीप सिंह पुरी एवं जनरल वीके सिंह ने मैराथन को झंडी दिखा कर प्रारम्भ किया। फ्लैग ऑफ के दौरान यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल कौशांबी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पीएन अरोड़ा, डायरेक्टर उपासना अरोड़ा, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर शुभांग अरोड़ा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज विशेष रूप से मौजूद थे। सभी ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर हाफ मैराथन को रवाना किया।
Ghaziabad News :
जनरल वीके सिंह ने कहा कि यशोदा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि लोग वॉक एवं रन के लिए प्रेरित हों, जिससे वो अपने हृदय को स्वस्थ रख सकें और हार्ट की पम्पिंग को दुरुस्त कर सकें। उत्तर प्रदेश ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. पीएन अरोड़ा ने कहा कि गाजियाबाद ही नहीं उत्तर प्रदेश में इस प्रकार की बड़े लेवल की 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन दूसरी बार आयोजित की गई है। इसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली के अलावा राजस्थान, गुजरात एवं महाराष्ट्र से भी धावक आये हैं। दिल्ली पैरालम्पिक एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. उपासना अरोड़ा ने कहा कि इस दौड़ में विभिन्न प्रकार कि विकलांगता से ग्रस्त बच्चों ने भी हिस्सा लिया। उनमें से कुछ बच्चों ने अंतररष्ट्रीय पदक भी जीते हैं।
Ghaziabad News :
उपासना अरोड़ा ने कहा कि 2019 से प्रारम्भ हुई इस हाफ मैराथन को हर साल आयोजित किया जाएगा। दौड़ के दौरान मेडिकल प्वाइंट, पब्लिक मोबाइल टॉयलेट, फिजियोथेरेपिस्ट की व्यवस्था, पानी एवं एनर्जी ड्रिंक की उपलब्धता भी जगह जगह पर रही। सभी प्रतिभागियों को हेल्दी ब्रेकफास्ट भी दिया गया। इस मैराथन की मुख्य विशेषताएं रही कि इसमें महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों ने भी भाग लिया। लोगों ने इसे सुखद अनुभव बताया।
इस मैराथन में कौशांबी रनर्स क्लब, एक्सप्रेसवे रनर्स, क्रॉसिंग रनर्स क्लब एवं इंदिरापुरम रनर्स क्लब के धावकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। दूसरों को फिट रहने के लिए एक्सरसाइज, प्रतिदिन दौड़ एवं वॉक की नसीहत देने वाले डॉक्टरों ने भी जब सामान्य लोगों के साथ दौड़ लगाई तो लोगों ने इसका विशेष आनंद लिया।