Ghaziabad: निर्माणाधीन नाले की दीवार गिरी, 3 मजदूर दबकर मरे
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 03:42 PM
Ghaziabad: गाजियाबाद । थाना विजयनगर इलाके की प्रताप विहार कॉलोनी में देर रात बड़ा हादसा हो गया। न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल के पास एक बड़े निर्माणाधीन नाले की दीवार गिरने से पांच मजदूर मलबे में दब गए। जैसे ही यह हादसा हुआ तो चीख-पकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर दौड़े। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गयी है। जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे सभी मजदूरों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि नाले का निर्माण कार्य देर रात में भी जोरों पर चल रहा था।
थाना विजयनगर पुलिस से मिली जानकारी की मुताबिक प्रताप विहार कॉलोनी में न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल के सामने एक बड़े नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। देर रात भी करीब 2.30 बजे यहां नाले का निर्माण कार्य चल रहा था। काफी संख्या में मजदूर कार्य कर रहे थे। अचानक ही नाले की दीवार गिर गई। जिसमें नीचे की तरफ काम कर रहे मजदूर दब गए। दीवार गिरते ही भगदड़ मच गई और आपस में मजदूर ही दबे हुए मजदूरों को निकालने में जुट गए। लेकिन जब वह सफल नहीं हो पाए तो स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना के आधार पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी मजदूरों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल में पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया जबकि दो की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।
थाना विजयनगर के थाना अध्यक्ष योगेंद्र मलिक ने बताया कि प्रताप विहार कॉलोनी में न्यू रेनबो स्कूल के पास सड़क किनारे नगर निगम के द्वारा सीवर बनाने का कार्य रात्रि में चल रहा था।पुलिस सूचना मिली कि सीवर की दीवार गिर गई ।जिसमे 5 मजदूर दब गए गए।स्थानीय पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सभी पांचों मजदूरों को निकालकर जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जिसमें से मुनकेश मोशीन, अहजाज पुत्र शमशाद, तौकिर सभी निवासी बिहार को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि सिराजुद्दीन पुत्र मुजीबुद्दिन और शाहबीर पुत्र नजीर निवासी अरररिया, बिहार घायल है। जिनका उपचार किया जा रहा है।