24 घंटे में सस्ता हुआ सोना! चांदी 26,000 फिसली : लुढ़क सकता है गोल्ड!
भारत
चेतना मंच
23 Oct 2025 04:49 PM
वही सोना जो दिवाली से पहले आसमान छू रहा था, अब रिकॉर्ड तोड़ते हुए जमीन पर लौट आया है। कुछ ही दिनों पहले जिसने निवेशकों की रातों की नींद उड़ाई थी, वही सुरक्षित निवेश अब बेचैन कर रहा है। पिछले 24 घंटे में सोना और चांदी दोनों में ऐसी गिरावट दर्ज की गई है कि मार्केट हिल गया है। Gold and Silver Prices Fall :
सोना के साथ चांदी में भी रिकॉर्ड गिरावट
सिर्फ एक दिन में सोने की कीमत में जबरदस्त गिरावट आई है। दिवाली से पहले जो सोना 1.30 लाख प्रति 10 ग्राम पर था, वह अब फिसलकर 1.23 लाख पर पहुंच गया है। यानी 6,964 की गिरावट। चांदी का हाल तो और भी बुरा है। एक हफ्ते में 26,000 रुपये से ज्यादा लुढ़क गई है और सिर्फ मंगलवार को ही 10,546 की गिरावट दर्ज हुई। एमसीएक्स पर चांदी 1,70,415 से गिरकर 1,43,819 रुपये पर पहुंच गई। यानी आॅल टाइम हाई से 26,596 की गिरावट।
गिरावट की वजह : मुनाफावसूली और ग्लोबल सेंटिमेंट
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह निवेशकों की प्रॉफिट टेकिंग है। दिवाली से पहले गोल्ड में बेतहाशा तेजी आई थी और अब जब रिटर्न्स पीक पर पहुंचे, तो निवेशकों ने मुनाफा समेटना शुरू कर दिया। इसके अलावा अमेरिका-चीन ट्रेड टेंशन में आई नरमी और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में संभावित कमी से भी सोने की मांग घट गई है। नतीजा सेफ हेवन गोल्ड से निकलकर पैसा अब शेयर बाजार की ओर जा रहा है।
विशेषज्ञों की राय : अभी असली खेल बाकी है
जेपी मॉर्गन के सीईओ जेमी डिमन ने गोल्ड की मौजूदा रैली को आर्थिक बुलबुला बताया है। उनका कहना है कि मार्केट में बना पॉजिटिव सेंटिमेंट टिकाऊ नहीं है और आने वाले समय में गोल्ड 40% तक गिर सकता है। सिटी रिसर्च और कूका प्रूडेंशियल ने भी यही चेतावनी दी है कि गोल्ड की रफ्तार अब थमने वाली है। कमोडिटी विशेषज्ञों का कहना है कि शॉर्ट टर्म में सोने में और गिरावट संभव है । हालांकि, लॉन्ग टर्म में सोना अभी भी मजबूत है क्योंकि दुनिया भर के सेंट्रल बैंक गोल्ड की खरीदारी कर रहे हैं। लेकिन फिलहाल निवेशकों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि ये गिरावट शुरुआत भर है, असली खेल अभी बाकी है।