Greater Noida : ब्राह्मण समाज अपने अपमान का बदला लेने के लिए भाजपा के खिलाफ करेगा मतदान- पं0 पीतांबर शर्मा
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:22 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में चल रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए होने वाले मतदान में मात्र तीन दिन का समय शेष है। उससे पहले भारतीय जनता पार्टी से ब्राह्मणों की नाराजगी खुलकर सामने आ गई है। वहीं भाजपा से नाराज ब्राह्मणों ने जिले की दादरी और जेवर विधानसभा सीट पर सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों को समर्थन का ऐलान किया है। जिसकी जानकारी रविवार को अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित पीतांबर शर्मा के द्वारा ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी गई। ब्राह्मण महासभा के इस फैसले को दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
- ब्राह्मण महासभा ने दादरी में राजकुमार भाटी और जेवर से अवतार भड़ाना को किया समर्थन का ऐलान
अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित पीतांबर शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के शासनकाल में बीते 5 वर्ष ब्राह्मण समाज के लिए बहुत ही कष्ट दायक रहे हैं। भाजपा की सरकार के रहते ब्राह्मण समाज के लोगों को अपराधी बनाकर चुन-चुन कर मारा गया है। अब तक प्रदेश में 750 ब्राह्मणों की हत्या इस सरकार में हो चुकी है। वहीं 100 से अधिक ब्राह्मणों के एनकाउंटर सरकार में किए गए हैं। इस दौरान उन्होंने विकास दुबे की मौत को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। हालांकि उन्होंने कहा कि हम अपराधियों का समर्थन नहीं करते, लेकिन कुछ मामले खुशी दुबे जैसे भी हैं। जो बेटी दो दिन पूर्व ही शादी कर ससुराल आई थी और उसे विधवा और अपराधी बनाकर जेल भेज दिया गया। जिसका अपराध उत्तर प्रदेश की पुलिस आज तक सिद्ध नहीं कर सकी और वह बेचारी जेल में है।
- सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार में 100 ब्राह्मणों के एनकाउंटर किए जाने का लगाया आरोप
पंडित पीतांबर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार रहते भगवान परशुराम जयंती की छुट्टी घोषित की गई थी। लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के साथ ही मु यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान परशुराम को भगवान मानने से इंकार करते हुए महापुररूष बताते हुए उनकी जयंती की छुट्टी रद्द कर दी थी। लेकिन अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि यदि प्रदेश में उनकी सरकार आई तो वो ब्राह्मणों को न्याय दिलाएंगे। वहीं अपनी पहली कैबिनेट की मीटिंग में भगवान परशुराम जयंती की छुट्टी घोषित करेंगे। इन्हीं तमाम मुद्दों के आधार पर गौतमबुद्धनगर जिले की दादरी विधानसभा सीट पर सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशी राजकुमार भाटी और जेवर से अवतार भड़ाना को समर्थन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज इस चुनाव में अपने अपमान का बदला लेने के लिए वोट करेगा। इस अवसर पर उनके साथ पत्रकार वार्ता में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के जिला महामंत्री मास्टर रामकुमार शर्मा, दादरी नगर अध्यक्ष पंडित मांगेराम शर्मा आदि लोग मौजूद थे।
- महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित पीतांबर शर्मा ने भाजपा सरकार पर जमकर बोला हमलाजानिए कौन हैं पंडित पीतांबर शर्मा ?
पंडित पीतांबर शर्मा दादरी के चिटहेरा गांव के एक प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं। जोकि अपने छात्र जीवन से ही दादरी क्षेत्र की राजनीति में खासी दखल रखते हैं। उन्होंने छात्र जीवन से ही युवा कांग्रेस के साथ अपनी राजनीति की शुरूआत की थी। वो लंबे समय तक सिकंद्राबाद इंडस्ट्रियल क्षेत्र में स्थित नामी कंपनी बिलार्ड में मजदूर यूनियन के नेता भी रहे हैं। इसके अलावा वो जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं और एक बार दादरी विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुके हैं। इस सब के अलावा उनकी गिनती उत्तर प्रदेश में बड़े ब्राह्मण नेताओं में की जाती है। उनका परिवार भी क्षेत्र में सामाजिक व राजनीति के स्तर पर अच्छा रसूख रखता है। उनके दो भाई नोएडा प्राधिकरण में अधिकारी रहे हैं।