Greater Noida Crime News : शराबी दोस्तों ने लाठी-डंडों से पीटकर की हत्या
Drunken friends beat to death with sticks
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:21 AM
Greater Noida Crime News : ग्रेटर नोएडा । दोस्तों के साथ शराब पी रहे एक व्यक्ति की उसके ही दोस्तों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। शराब पीने के दौरान दोस्तों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इस मामले में थाना सूरजपुर पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
Greater Noida Crime News:
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप ने बताया कि आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लखनावली गांव निवासी सुरेंद्र उर्फ सुंदर नागर के यहां पशुओं की देखभाल करने वाला मूलचंद का लहूलुहान शव घर में पड़ा हुआ है। मूलचंद मूल रूप से गुवाहारा छतरपुर मध्य प्रदेश का रहने वाला था। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मूलचंद पिछले काफी समय से सुरेंद्र के यहां घरेलू सहायक के रूप में काम कर रहा था। बीती रात उसने घेर में अपने दोस्त उड़ीसा निवासी राजेंद्र व मध्य प्रदेश निवासी मोहन के साथ शराब पी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पड़ोस में ही किराए पर रहने वाले राजेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने साथी मोहन के साथ मिलकर मूलचंद की हत्या करना स्वीकार किया। राजेन्द्र ने बताया कि शराब पीने के दौरान तीनो लोग आपस में हंसी मजाक कर रहे थे। इस दौरान शराब के नशे में मूलचंद ने दोनों को गालियां देनी शुरू कर दी। इस बात पर उन्हें गुस्सा आ गया और पास ही पड़े डंडे से उसकी जमकर पिटाई कर दी और उसे घायल कर दोनों मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पिटाई की वजह से मूलचंद के सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आई। सिर में लगी गंभीर चोटों की वजह से ही संभवत मूलचंद की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हिरासत में लिए गए राजेंद्र से पूछताछ की जा रही है और फरार मोहन की तलाश की जा रही है।