Greater Noida Crime News : चार साल से पुलिस को चकमा दे रहा बदमाश मुठभेड़ में घायल
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:42 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । पुलिस को पिछले 4 सालों से चकमा दे रहा टॉप-10 में शामिल 25 हजार रूपये का ईनामी बदमाश थाना बीटा-2 पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। घायल बदमाश पर लूट व चोरी के दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं। वहीं ईकोटेक पुलिस ने भी मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
थाना बीटा-2 प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि बीती रात्रि ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवार ने गोली चला दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार बदमाश को गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस व पैशन प्रो बाइक बरामद हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम साबिर पुत्र हारून निवासी बिलासपुर थाना कोतवाली देहात जिला बुलंदशहर है। साबिर टॉप टेन अपराधी है और बुलंदशहर से गैंगस्टर में वांछित है। वह पिछले 4 साल से लूट के मामले में भी फरार चल रहा था। इस पर लूट व चोरी के दर्जनों मुकदमें पंजीकृत है तथा उस पर 25 हजार का ईनाम भी है।
वहीं थाना ईकोटेक प्रथम पुलिस ने भी मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गोली भी लगी है। ईकोटेक प्रथम प्रभारी श्रीमती सरिता मलिक ने बताया कि बीती रात्रि पुलिस की जीबीयू चौराहे पर दो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में शातिर बदमाश सागर शूटर निवासी खेड़ा हटाना थाना बड़ौत जिला बागपत गोली लगने से घायल हो गया जबकि इसका एक साथी सूरज उर्फ मोटा मौके से फरार हो गया जिसे बाद में पुलिस ने कांबिंग के दौरान धर दबोचा।
थाना प्रभारी ने बताया कि घायल बदमाश सागर यूनिटेक कंपनी में गत दिनों 80 लाख रुपए के मोबाइल डिस्प्ले की चोरी की वारदात में वांछित चल रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि यूनिटेक कंपनी में हुई चोरी के मामले में थाना पुलिस 7 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया सागर शूटर शातिर बदमाश है और लोगों को आतंकित करने के लिए इसने विभिन्न सोशल साइट इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप व फेसबुक पर सागर शूटर तथा विभिन्न राज्यों की पुलिस उसे तलाश कर रही है जैसे स्टेटस लगाए हुए हैं। पकड़े गए सागर शूटर तथा उसके साथी सूरज का अपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।