Greater Noida : डॉगी की नसबंदी के लिए न करें नकद भुगतान
Greater Noida Hindi News
भारत
चेतना मंच
25 Mar 2022 06:30 PM
अगर कर दिया है तो हेल्पलाइन नंबर 8005867769 पर दें सूचना
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में लावारिस डॉग्स की नसबंदी व वैक्सीनेशन के लिए किसी को भी नकद भुगतान न करें, सिर्फ ह्मूयन वेलफेयर सोसाइटी के खाते में ऑनलाइन भुगतान करें। अगर किसी ने आपसे नकद राशि ली है तो इसकी सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबर 8005867769 पर दें। दरअसल, लावारिस डॉग्स से निजात दिलाने के लिए बीते 24 फरवरी से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने नसंबदी व वैक्सीनेशन की शुरुआत की है। इसे प्रोजेक्ट भैरव नाम दिया गया है। इसके तहत लावारिस कुत्तों की नसबंदी और वैक्सीनेशन कर पांच दिन कैनल्स में रखकर उनकी देखभाल करने के बाद उसी जगह वापस छोड़ दिया जाता है। ह्यूमन वेलफेयर नाम की संस्था को यह जिम्मेदारी दी गई है। यही संस्था कुत्तों को पकड़कर लाती है। उनकी नसबंदी व वैक्सीनेशन करने के बाद वापस उसी जगह छोड़ती है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर सेक्टर स्वर्णनगरी में नसबंदी केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक डॉग्स की नसंबदी पर 1000 रुपये खर्च आता है, जिसमें 250 रुपये आरडब्ल्यूए या अपार्टमेंट ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन वहन करता है जबकि 750 रुपये ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वहन करता है। यह रकम ह्यूमेन वेलफेयर सोसाइटी के बैंक खाते (संख्या -677601700827, आईएफएसी कोड-आईसीआईसी 0006776, आईसीआईसीआईबैंक) में प्रति कुत्ते के हिसाब से 250 रुपये जमा कराना होता है। इसके अतिरिक्त डॉग्स के नसबंदी या वैक्सीनेशन के लिए किसी को भी नकद राशि का भुगतान न करें।
अब तक 70 डॉगी की हुई नसबंदी, 210 के लिए हुआ है पंजीकरण
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक सलिल यादव ने बताया कि जिस भी सेक्टर या सोसाइटी की आरडब्ल्यूए को अपने यहां के कुत्तों की नसबंदी करानी है, वे प्रति कुत्ते के हिसाब से 250 रुपये संस्था के खाते में जमा करा सकते हैं। संस्था के प्रतिनिधि कुत्तों को पकड़कर लाएंगे। उनकी नसबंदी करेंगे और फिर उनको वहीं पर छोड़ आएंगे, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के ऐनीमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) रूल के अनुसार जिस कुत्ते को जहां से पकड़ा जाएगा, नसबंदी के बाद उसे वहीं छोडऩा होगा। सलिल यादव ने बताया कि अब तक 70 से अधिक डॉग्स की नसबंदी व वैक्सीनेशन किया जा चुका है। साथ ही 210 डॉग्स की नसबंदी व वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण भी कराया गया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को इस संबंध में कोई अतिरिक्त जानकारी चाहिए तो वे ग्रेटर नोएडा एबीसी हेल्पलाइन नंबर 8005867769 पर कॉल करके सूचना प्राप्त कर सकते हैं।