Greater Noida : मतगणना स्थल पर मोबाइल, लैपटॉप बैन, 8 बजे शुरू होगी गिनती
भारत
चेतना मंच
08 Mar 2022 07:59 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट सुहास एल वाई के द्वारा कलेक्ट्रेट के सभागार में चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवार एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतगणना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की गई। इस अवसर पर जिला मजिस्ट्रेट ने सभी उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतगणना कार्य के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं नियमों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि 10 मार्च को सुबह 7:30 बजे स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि गण एवं चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवार गण अपने एजेंट को नियुक्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित समय के तहत सुबह 8 बजे से मतगणना का कार्य आरंभ किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि जनपद में मतगणना का कार्य स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा संपूर्ण तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना स्थल पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर सक्षम अधिकारी के माध्यम से जारी किए गए पास के द्वारा ही सभी प्रवेश कर सकेंगे। यहां पर जिला मजिस्ट्रेट ने चुनाव लडऩे वाले समस्त उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए अवगत कराया कि मतगणना स्थल पर कोई भी उम्मीदवार एवं उनके एजेंट मोबाइल, केलकुलेटर, लैपटॉप एवं अन्य किसी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस साथ लेकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। उन्होंने समस्त उम्मीदवार एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि मतगणना के लिए राजनीतिक दलों के माध्यम से जो मतगणना एजेंट बनाए जा रहे हैं, उनके संबंधित आर ओ के माध्यम से समय पर अपने प्रवेश पास प्राप्त कर लें ।
उन्होंने यहां पर यह भी जानकारी दी कि मतगणना के उपरांत कोई भी उम्मीदवार विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक राउंड पूर्ण होने पर आयोग के नियमों के अनुसार उसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व वंदिता श्रीवास्तव, पुलिस ऑफिसर विशाल पांडे, उप जिलाधिकारी सदर अंकित कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर रजनीकांत, उप जिलाधिकारी दादरी आलोक कुमार गुप्ता अन्य संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों ने महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया।