Greater Noida News : मच्छर मारने की दवा की चपेट में आकर इलेक्ट्रॉनिक कंपनी में काम करने वाली 16 महिलाएं बेहोश
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:26 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। एक इलेक्ट्रानिक कंपनी में मच्छर मारने की दवा का छिड़काव करने के बाद कंपनी में काम करने वाली 16 महिलाएं बेहोश हो गईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद महिलाओं के परिजन मौके पर जमा हो गए और हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेंट्रल जोन के कोतवाली इकोटेक-3 क्षेत्र में प्लाट नंबर 27/28 पर एलजिन इलेक्ट्रानिक प्राइवेट लिमिटेड स्थित है। मच्छरों से निजात के लिए कंपनी में मारने की दवा का छिड़काव किया गया। दवा के प्रभाव में आने से कंपनी में काम कर रही 16 महिलाएं बेहोश हो गईं। आनन फानन उन्हें एस्क्लेपियस अस्पताल में दाखिल कराया गया। इसकी सूचना पर बेहोश महिलाओं के परिजन जमा हो गए।
डीसीपी सेंट्रल राजेश ने बताया कि एलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों के मुताबिक मच्छरों को मारने वाली दवा का छिड़काव कंपनी में किया गया था। उसके प्रभाव में आकर कंपनी में काम करने वाली 16 महिलाएं बेहोश हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है। किसी भी महिला की हालत गंभीर नहीं है। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक है। हालांकि एहतियातन कंपनी पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मच्छर मारने की दवा को भी जब्त किया गया है।
[playlist type="video" ids="34665"]