Greater Noida News : सावधान : ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय है ‘ब्लैकमेलिंग’ करने वाला गिरोह
Beware: 'Blackmailing' gang is active in Greater Noida area
भारत
चेतना मंच
13 Oct 2022 07:56 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक नगर के रूप में प्रसिद्ध ग्रेटर नोएडा शहर में ‘ब्लैकमेलिंग’ करने वाला एक गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह के कर्ताधर्ता अफवाहें फैलाकर, शिकायती पत्र लिखकर तथा आरटीआई (सूचना का अधिकार अधिनियम) लगाकर ना केवल निजी संस्थान मालिकों को ब्लैकमेल करते हैं, बल्कि सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों को भी अपना शिकार बनाते हैं।
Greater Noida News :
चेतना मंच को मिले पुख्ता प्रमाणों से अनेक चौंकाने वाले तथ्य प्रकाश में आए हैं। पता चला है कि ग्रेटर नोएडा में स्थित कुछ संस्थानों ने तकनीकी रूप से तय सीमा से अधिक भूमि पर भवन बना रखे हैं। कुछ संस्थानों में बिल्डिंग बाईलॉज की दूसरी खामियां हैं। कुछ आवंटियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की निर्धारित कैटेगरी (श्रेणी) की बजाय दूसरी कैटेगरी का कारोबार खोल दिया है। कारोबारियों की इन छिटपुट गलतियों को प्राधिकरण के अधिकारी व कर्मचारी व्यावहारिक मजबूरी बताकर ‘एवाइड’ कर देते हैं। इसी ‘एवाइड’ वाली नीति का लाभ यहां सक्रिय कुछ ‘ब्लैकमेलर’ उठा रहे हैं। इन कारोबारियों को ‘ऊपर’ शिकायत करने, मीडिया में खबर छपवाने ‘आरटीआई’ दाखिल करने जैसी धमकियां देकर बाकायदा अवैध वसूली की जाती है।
Greater Noida News :
बात यहीं पर नहीं रूकती है। अब तो इन धंधेबाजों ने बाकायदा एक गिरोह ही बना लिया है। इस गिरोह में शामिल कुछ सदस्यों ने तो सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों तक को ‘ब्लैकमेल’ किया है और अभी भी ब्लैकमेल कर रहे हैं। गिरोह का एक सदस्य तो ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में 300 करोड़ रुपये के घोटाले का सनसनीखेज आरोप लगाकर मीडिया की सुर्खियां भी बटोर चुका है।
ब्लैकमेलर के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग :
हाल ही में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के सादोपुर गांव में रहने वाले संतरपाल नामक युवक ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में प्रदेश की भूतपूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती के पैतृक गांव बादलपुर के रहने वाले एक व्यक्ति पर अफवाहें फैलाकर अधिकारियों व कर्मचारियों को ब्लैकमेल करने तथा सरकार की बदनामी करने का आरोप विस्तार से लगाया है। पत्र में बादलपुर निवासी ब्लैकमेलर व अफवाहबाज के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की मांग भी की गयी है। इस पत्र को मुख्यमंत्री के शिकायती पोर्टल पर भी अपलोड किया गया है। अब देखना यह है कि क्या इस गिरोह के खिलाफ कोई कार्रवाई हो पाएगी?