
National News : ग्रेटर नोएडा। कल यानि 23 दिसंबर 2022 को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का 120वां जन्मदिन पूरे देश में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा के वीएसके गार्डन में भी एक बड़ा समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में बेहद सारगर्भित विचार गोष्ठी व काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया।
विचार गोष्ठी के मुख्य वक्ता चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि छपरौली में स्थित चौ. चरण सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य डा. प्रतीत कुमार थे। उन्होंने भूतपूर्व प्रधानमंत्री चौ.चरण सिंह के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपने उदबोधन में डा. प्रतीत कुमार ने साफ-साफ समझाया कि किसानों, मजदूरों, गरीबों, भूखों व वंचितों के लिए चौधरी चरण सिंह कैसे देवतुल्य व्यक्तित्व बन गए थे। उन्होंने बेहद गरीबी में चौधरी चरण सिंह के जन्म लेने से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक की उनकी पूरी जीवन यात्रा को बड़े ही सधे हुए शब्दों में रेखांकित किया।
विचार गोष्ठी में बोलते हुए ''चेतना मंच के संपादक आर.पी. रघुवंशी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह सच्चे अर्थों में भारतरत्न सम्मान के हकदार हैं। श्री रघुवंशी के प्रस्ताव पर जयंती समारोह में मौजूद सभी गणमान्य नागरिकों ने लिखित प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करके भारत सरकार से चौधरी चरण सिंह को भारतरत्न सम्मान से सम्मानित करने की मांग की ।
विचार गोष्ठी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, डॉ. रूपेश वर्मा, अजीत दौला, रामशरण नागर एडवोकेट, पी के सिंह, डॉक्टर रविन्द्र तेवतिया, आदि वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के विचारों को साझा किया। साथ ही साथ कार्यक्रम में विश्व ख्याति प्राप्त कवियों ने काव्यपाठ किया। कवियों की टीम में दीपक गुप्ता, प्रवीण राही एवं डॉ सुमोद सिंह कमांडो जैसे नाम शामिल रहे। मंच का संचालन एमिटी विष्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉक्टर दीपक शर्मा व एडवोकेट विनोद राठी ने किया। समिति के अध्यक्ष एडवोकेट भूपेंद्र चौधरी ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में डॉ. कुलदीप मालिक, चंद्र किरण सिंह, हरप्रसाद सिंह, एस एस सिद्धू, उधम सिंह, अजीत पूनिया, आर्किटेक्ट अनिल चौधरी, जोगिंदर तालान, ओमवीर सिंह, मनोज चौधरी, योगेंद्र पंवार, आशीष तोमर, रविन्द्र चौधरी, बब्बल भाटी, हरेंद्र भाटी आदि लोग उपस्थित रहे। इइस आयोजन में चौधरी चरण सिंह वेलफेयर सोसायटी के कोषाध्यक्ष मनोज चौधरी, महामंत्री विनोद राठी व अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी एडवोकेट के प्रयासों की सर्वत्र सराहना की जा रही है। मनोज चौधरी ने सभी आगंतुकों को बैज लगाकर उनका स्वागत किया।