Greater Noida News : नीट की परीक्षा में नाकाम होने से हताश छात्रा ने सातवीं मंजिल से लगाई छलांग
भारत
चेतना मंच
08 Sep 2022 06:44 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। नीट यूजी-2022 की परीक्षा में फेल होने से हताश छात्रा ने गुरुवार को सोसायटी की सातवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-151 के जेपी अमन सोसाइटी में एक युवती ने आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका की पहचान संपदा पुत्री अनुज के रूप में हुई।
अनुज अपने परिजनों के साथ जेपी अमन के टावर नंबर 4 में रहते हैं। उनकी पुत्री संपदा ने नीट यूजी की परीक्षा दी थी, जिसमें वह फेल हो गई थी। परीक्षा में फेल होने के बाद डिप्रेशन में आकर उसने आज दिन में करीब 11 बजे जेपी अमन के टावर की सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से जमीन पर गिरने के कारण संपदा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।