Greater Noida News : ईएमसीटी ने बच्चों को ‘पोषण और पढ़ाई’ मुहिम के तहत ‘ज्ञानशाला’ में किया कार्यशाला का आयोजन
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:13 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। एथोमार्ट चेरिटबल ट्रस्ट (ईएमसीटी) की ज्ञानशाला में स्कूली बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को संतुलित आहार के बारे में बताया गया।
ईएमसीटी की संस्थापक रश्मि पाण्डेय ने बताया कि बच्चों की बढ़ती उम्र में भोजन का संतुलित होना बहुत आवश्यक है, जिससे बच्चों की शिक्षा में रुचि भी बढ़ेगी, साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास भी होगा। इसलिए पढ़ाई के साथ साथ पोषण पर भी ध्यान देना जरूरी है।
ईएमसीटी सदस्य और आहार विशेषज्ञ गरिमा श्रीवास्तव ने बच्चों को बताया कि हमारे भोजन में उपस्थित वे सभी तत्व जो शरीर को ऊर्जा, वृद्धि विकास तथा रोगों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, उन सभी को पोषक तत्व कहा जाता है। यह पोषक तत्व हमें कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन, खनिज तत्व और जल से मिलते हैं। अच्छे और पौष्टिक मौसमी फल, सब्जी इत्यादि खाने से हमारी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। दूध, दही, छोला और दालों में विटामिन तथा प्रोटीन की मात्रा प्रचुर होती है, जिससे शरीर का विकास होता है। हरी साग सब्जियों में प्रचुर मात्रा में लौह तत्वों होती है, जो स्मरण शक्ति बढ़ाती है। दूध, दही, छाछ में कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है, जिससे हड्डियों का विकास होता है। ज्यादा तेल और वसा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक के सेवन से बचना चाहिए।
कार्यशाला में आए बच्चों को केला और सेब दिया गया। इस मौके पर रोनिता चौधरी, आरएस उप्पल और संजीव हाल्डर आदि उपस्थित रहे।