Greater Noida News : ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह से मुठभेड़
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 08:03 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए जबकि मौके से फरार हुए एक बदमाश को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से एक कार, अवैध हथियार तथा लूटा गया ट्रक बरामद किया है।
एसीपी नितिन कुमार सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ बिसाहड़ा अंडरपास के पास चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर एक वैगनआर कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। कार सवार युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को गोली लगी जबकि 3 बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गोली लगने से घायल हुए अकबर पुत्र अब्दुल रहमान व कुलदीप पुत्र राधेश्याम निवासी खेकड़ा जनपद बागपत को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तमंचे व कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि मौके से अरमान, अब्बास व सोनू उर्फ निजाम फरार हो गए। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाया जिसके दौरान अब्बास को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाशों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने 16 जून की रात्रि में ईस्टर्न पेरीफेरल पर लोहे की प्लेट से भरा ट्रक लूट लिया था। पकड़े गए बदमाशों ने लूटपाट की कई घटनाओं को अंजाम देना भी स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।