Greater Noida News : पौवारी में 500 गौवंशों के लिए बनेगी गौशाला
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 11:27 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण गौवंशों के लिए पौवारी में गोशाला बनाने जा रहा है। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर निकाल दिए हैं। ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग जगहों पर लगे फाउंटेन को भी दुरुस्त किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ऐसे 19 विकास कार्यों को कराने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से एक गोषाला जलपुरा में संचालित है। गोवंशों की जरूरत को देखते हुए प्राधिकरण दूसरी गोशाला पौवारी में बनाने जा रहा है। 18 हजार वर्ग मीटर में स्थित इस गोशाला के बन जाने से 500 गोवंश रह सकेंगे। इसमें शेड, भूसाघर, चिकित्सक रूम, गार्ड रूम, कर्मचारियों के रूम, बाउंड्री वॉल आदि सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस गोशाला को बनाने में करीब 6.47 करोड़ रुपये खर्च होने का आकलन है। प्राधिकरण के मेरठ मंडलायुक्त सीईओ सुरेन्द्र सिंह के निर्देश पर प्रोजेक्ट विभाग ने टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू होने के बाद से गोशाला के निर्माण में एक साल का समय लगने का अनुमान है। प्रोजेक्ट विभाग ने 18 अन्य कार्यों के लिए भी टेंडर निकाले हैं। ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग जगहों पर बने फाउंटेन को दुरुस्त किया जाएगा। इस काम में करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का आकलन है।