Greater Noida News : गरीब देशों को सस्ता दूध उपलब्ध कराएगा भारत: अमित शाह
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 06:23 PM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 06:23 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत गरीब देशों को सस्ता दूध उपलब्ध कराएगा। वसुधैव कुटुम्बकम की सोच के तहत भारत समूचे विश्व को अपना परिवार मानता है। वे ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुरू चार दिवसीय विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन के शुभारंभ सत्र में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन तथा डेयरी के क्षेत्र में भारत का विश्व में अग्रणी स्थान है। अभी देश में दो लाख छोटी-बड़ी डेयरी संचालित हो रही हैं। वर्ष-2024 चुनाव के पूर्व दो लाख और डेयरी खोली जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगारों, किसानों, महिलाओं तथा दुग्ध उत्पादकों को स्वावलंबी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन के साथ प्राकृतिक व जैविक उत्पादन को भी सहकारिता के जरिए प्रोत्साहन देने की जरूरत है। इस दिशा में सरकार कार्य कर रही है। इसी के साथ विश्व में भारतीय जैविक उत्पादन के निर्यात को लेकर भी सरकार गंभीर है। इसके लिए टीम गठित की जा रही है। इस माह के अंत एक्सपोर्ट हाउस भी बना दिया जाएगा।
अमित शाह ने सहकारिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि गुजरात में सहकारिता के जरिए त्रिभुवन दास पटेल द्वारा स्थापित अमूल दूध के उत्पादन की क्षमता 30 मिलियन लीटर प्रतिदिन तक पहुंच गयी है। इससे 36 लाख किसान परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। शीघ्र ही अमूल की उत्पादन क्षमता 39 मिलियन लीटर प्रतिदिन होने वाली है।
इस अवसर पर केन्द्रीय पशु पालन एवं डेयरी उद्योग मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला, केन्द्रीय राज्य सहकारिता मंत्री डा. संजीव बालियान, आईडीएफ के अध्यक्ष पीयर क्रिस्टियानो, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, गौतमबुद्धनगर के सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा, अलीगढ के सांसद सतीश गौतम, राज्यसभा सदस्य सुरेन्द्र नागर, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल समेत कई नेता व पदाधिकारी मौजूद थे।