Greater Noida News : गायों में तेजी से फैल रही है लम्पी स्किन डिजीज
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:00 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:00 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। कृषि विज्ञान केन्द्र की ओर से ग्राम बम्बावड में पशुपालन प्रशिक्षण एवं जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केन्द्र के पशुपालन विशेषज्ञ डॉ. कुंवर घनश्याम ने दुधारू पशुओं में विशेष रूप से गायों में आजकल तेजी से फैल रही लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह एक वायरल बीमारी है, जिससे पशु के सारे शरीर पर गाठें बन जाती हैं और इसमें मवाद पश पड़ने लगता है। यह एक संक्रामक रोग है, जो विषाणुजनित है। पशु के शरीर पर बनी गाठों का यदि इलाज न किया जाये तो उसमें कीड़े भी लग जाते हैं। इस रोग की शुरुआत में तेज बुखार, लिम्फ ग्रथियों में सूजन व घाव छोटे से बड़े तक हो सकते हैं। दुग्ध उत्पादन में कमी, पशुओं में तनाव, त्वचा की एलर्जी, भूख न लगता, अत्यधिक लार गिरना, आंखों मे लालिमा (कंजक्टिवाइटिस), शरीर के विभिन्न भागों में सूजन व पानी भर जाता है। कभी-कभी पशु की मृत्यु भी हो जाती है। इसमें मृत्युदर एक से 5 प्रतिशत तक है।
रोग के प्रसार का मुख्य कारण मच्छर एवं मक्खी हैं। उन्होंने बीमार पशु को स्वस्थ पशु से दूर रखने का सुझाव दिया। इसके बीमार पशु का जूठा चारा एवं पानी अन्य स्वस्थ पशुओं को न देने, पशुशाला में सफाई रखने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन पशुओं की इम्युनिटी कमजोर है, उन्हें यह बीमारी जल्द होने की संभावना है। इसलिए पशुओं को संतुलित आहार, खनिज लवण उचित मात्रा में देना चाहिए। इस समय बाहर से कोई भी पशु खरीदकर न लाएं। अगर घाव में कीड़े दिखाई दें तो नारियल के तेल में कपूर मिलाकर लगाएं। वैक्सीन के द्वारा ही इस रोग पर नियंत्रण एवं रोकथाम की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पशुओं में यदि इस प्रकार का कोई लक्षण दिखाई दे तो तुरन्त निकटतम पशु चिकित्सा अधिकारी से सम्पर्क करें।
इस अवसर पर केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक इं. माधवेन्द्र सिंह ने कृषकों को जल संरक्षण तकनीक के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में मुकेश कुमार, भोपाल सिंह, राजकरण, बृजेश, जयवीर, रघुवीर के अलावा 32 कृषकों ने भाग लिया।