Greater Noida News : घर में मृत मिली विवाहिता परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया
भारत
RP Raghuvanshi
27 Jun 2022 08:00 PM
भारत
RP Raghuvanshi
27 Jun 2022 08:00 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । थाना कासना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि आज सुबह उन्हें गिरधरपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका लता (23 वर्ष) के पिता इंदरसिंह ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी 19 जून 2020 को गिरधरपुर गांव निवासी विपिन कुमार के साथ हुई थी। शादी के समय उन्होंने अपनी सामर्थ के अनुसार खासा दान दहेज दिया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उससे संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन लता पर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाकर उसके साथ मारपीट की जाती थी। बीती शाम लता के चाचा उससे मिलकर गए थे तब वह सही सलामत थी। आज सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। सूचना के बाद परिजन जब गिरधरपुर गांव पहुंचे तो उन्हें लता का शव चारपाई पर पड़ा मिला।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों से बातचीत की जा रही है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
थाना दनकौर क्षेत्र में हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद आज सुबह सोशल मीडिया ग्रुप पर परिजनों का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक लता के शव को दिखाते हुए आरोप लगाया कि कल शाम को लता के चाचा उससे मिलने घर पर आये थे तब तक लता ठीक-ठाक थी, लेकिन आज सुबह उसका शव मिला।
परिजनों का आरोप है कि लता की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। लता के परिजनों ने घर में बिखरे हुए सामान को दिखाते हुए दावा कि उसने बचने के लिए काफी कोशिश की और हाथापाई भी हुई है। मौके से सभी ससुराली फरार थे।