Greater Noida News: मेडिकल डिवाइस पार्क: सभी 39 आवेदकों ने मारी बाजी
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:25 AM
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) में शुक्रवार को मेडिकल डिवाइस पार्क के भूखंडों का ड्रॉ निकाला गया। इसमें 136 भूखंडों के ड्रॉ में शामिल 39 आवेदकों के चेहरे भूखंड पाकर खिल उठे। मालूम हो कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-28 में मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए 36 छोटे-बड़े भूखंडों की योजना निकाली गयी थी। इसमें 4000 वर्गमीटर के 5, 1000 वर्ग मीटर के 70 तथा 2100 वर्गमीटर के 61 भूखंडों के लिए 173 लोगों ने आवेदन किये थे। लेकिन, कुछ खामियां पाये जाने पर केवल 39 आवेदकों को पात्र मानते हुए उनके नाम ड्रॉ में शामिल किये गये थे। बाकी लोगों के आवेदन निरस्त कर दिए गए। योजना में 4000 वर्गमीटर के लिए 7 आवेदन, 1000 वर्गमीटर के लिए 11 तथा 2100 वर्गमीटर के लिए 21 आवेदकों को पात्र माना गया। आज ड्रॉ में सभी 39 आवेदक सफल रहे। ड्रा के दौरान यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा. अरूण वीर सिंह समेत कई अधिकारी तथा आवेदक मौजूद थे। ड्रॉ की वीडियोग्राफी भी कराई गई।