Greater Noida News : चौकी प्रभारी व एसएसआई किए गए लाईन हाजिर
भारत
चेतना मंच
12 May 2022 07:11 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । थाना बीटा-2 क्षेत्र के अंतर्गत बदमाशों ने बुधवार की रात करीब 10 बजे जगत फार्म पुलिस चौकी परिसर में घुसकर एक कारोबारी को धारदार हथियार से घायल कर दिया था। इस मामले में लापरवाही बरतने के मामले को पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने गंभीरता से लिया है। उनके निर्देश पर ग्रेटर नोएडा के डीसीपी मीनाक्षी कात्याल ने चौकी प्रभारी हरि सिंह और एसएसआई रामकुमार तोमर को लाइन हाजिर कर दिया है। इस प्रकरण में पुलिस ने आईटीबीपी (इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस) के सब इंस्पेक्टर पंकज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। वह इन दिनों सिक्कम में तैनात है और दो माह का कोर्स करने के लिए सूरजपुर आया हुआ था। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि गामा दो निवासी रितेश की जगत फार्म मार्केट में कपड़ों की दुकान है। बुधवार रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद कर घर जा रहे थे जैसे ही घर जाने के लिए कार के समीप पहुंचे तो वहां एक कार खड़ी थी। इसमें चार-पांच युवक शराब पी रहे थे। जब रितेश ने कार हटाने के लिए कहा तो युवकों ने रितेश की पिटाई कर दी।
जिससे रितेश भागकर चंद कदमों की दूरी पर स्थित चौकी परिसर में पहुंच गए। आरोपी वहां भी पहुंच गए और वहां भी उनकी पिटाई की जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।इस घटना को लेकर पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने चौकी प्रभारी हरि सिंह तथा एसएसआई रामकुमार तोमर को लाइन हाजिर कर दिया।