Greater Noida News: अग्निपथ योजना के प्रति पुलिस कर रही जागरूक
भारत
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 05:26 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर पुलिस द्वारा युवाओं को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। थाना दनकौर में आज एसीपी तृतीय बृजनंदन राय ने गांव के संभ्रांत नागरिकों व युवाओं के साथ बैठक की।
एसीपी बृजनंदन राय आज थाना दनकौर पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर गांव के संभ्रांत नागरिक व युवाओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह अग्निपथ योजना को लेकर किसी के बहकावे में ना आएं। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व युवाओं को भड़का कर अपना स्वार्थ साध रहे हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि अगर उन्हें अग्नीपथ योजना को लेकर किसी तरह का संशय है तो वह बेझिझक पुलिस अधिकारियों से उसके बारे में जानकारी ले सकते हैं। इस दौरान आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने एसीपी बृजनंदन राय से कई सवाल पूछे जिनका उन्होंने उत्तर देकर युवाओं की जिज्ञासा का समाधान किया। इस मौके पर थाना प्रभारी राधारमण सहित अन्य पुलिसकर्मी व पूर्व सैनिक मौजूद थे।