Greater Noida News : मेट्रो पिलर से टकराई स्कार्पियो, छात्र की मौत शादी समारोह से लौट रहे थे 5 छात्र
Noida News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:54 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा थाना बीटा-2 क्षेत्र के डोमिनोज गोल चक्कर पर आज तड़के तेज गति में आ रही एक स्कॉर्पियो मेट्रो पिलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसमें सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वही थाना दनकौर क्षेत्र में बीती रात ब्रेजा व एसेंट कार की टक्कर में 3 लोग घायल हो गए।
Greater Noida News :
थाना बीटा-2 प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि आज तड़के करीब 3.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक हस्कॉर्पियो कार डोमिनोज गोल चक्कर पर मेट्रो पिलर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई है और उसमें बैठे युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीक के ही कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कल्याण पुरी दिल्ली निवासी अंशु स्वरूप पुत्र सुनील स्वरूप के रूप में हुई है। इस हादसे में निशांत पुत्र सुनील दत्त, देव अग्रवाल पुत्र महेंद्र अग्रवाल, पुलकित पुत्र संजय अग्रवाल व प्रियांशु पुत्र पन्नालाल का उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पांचों युवक एक शादी समारोह में सम्मिलित होकर आज तड़के अपने घरों के लिए लौट रहे थे। स्कॉर्पियो के तेज गति में होने व नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।