Greater Noida News : सीसीटीवी कैमरों से हमलावरों की तलाश अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर
CCTV Cameras on Roads
भारत
चेतना मंच
04 Nov 2022 06:23 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा । लड़पुरा गांव निवासी भाजपा नेता संचित शर्मा उर्फ सिंगा पंडित पर बीती शाम हुए जानलेवा हमले के मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है। इसके अलावा पुलिस विभिन्न पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं कैलाश अस्पताल में आज घायल संचित शर्मा का डाक्टरों द्वारा ऑपरेशन किया गया।
Greater Noida News :
डीसीपी ग्रेटर नोएडा अभिषेक वर्मा ने बताया कि सिंगा पंडित के परिजनों की शिकायत पर थाना बीटा-2 में 7-8 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अब तक 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा व्यवसायिक, पारिवारिक तथा सामाजिक सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा सिंगा पंडित की किस से रंजिश चल रही थी उसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोषी पुलिस के शिकंजे में होंगे। बता दें कि बीती शाम संचित शर्मा उर्फ सिंगा पंडित पर स्कार्पियो सवार 7-8 अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रुकवा लिया था और सिंगा पंडित को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जमकर पिटाई की थी। सिंगा पंडित को मरणासन्न करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस हमले में सिंगर पंडित के शरीर में कई फैक्चर हुए हैं। घटना के समय सिंगा पंडित के साथ भाजपा के मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा व एक अन्य युवक और था।