Greater Noida News : Woman and youth died after consuming poison
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 09:33 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा । थाना दनकौर क्षेत्र के पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर तेज गति में आ रही टाटा मैजिक सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई। इस घटना में टाटा मैजिक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया जहां उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी राधा रमण सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि नौरंगपुर गांव के पास पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर एक टाटा मैजिक किसी वाहन से टकरा गई है और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना के आधार पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से टाटा मैजिक में फंसे चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए कैलाश अस्पताल भिजवाया। कैलाश अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान मुरादाबाद निवासी शराफत हुसैन (54 वर्ष) के रूप में हुई। शराफत हुसैन अपनी टाटा मैजिक में पलवल से सामान लेकर मुरादाबाद जा रहा था। तेज गति होने के कारण नौरंगपुर गांव के पास वह संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड़े वाहन से टाटा मैजिक टकरा गई। दुर्घटना के बाद दूसरा वाहन चालक मौके से अपने वाहन को लेकर फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।