Greater Noida news : मुठभेड़ में तीन बदमाशों को लगी गोली , सोसाइटी के फ्लैट में की थी करोड़ों की चोरी
Greater Noida news: Three miscreants were shot in the encounter, crores were stolen in the society flat
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 03:39 PM
Greater Noida news : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली लेजर वेली सोसाइटी में एक मीडिया हाउस के चीफ फाइनेंस ऑफिसर के घर में करोड़ों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चार अंतरराज्यीय शातिर चोरों को थाना बिसरख पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है। बदमाशों के पास से अवैध हथियार, एसयूवी कार, सोने चांदी के जेवरात तथा नकदी बरामद हुई है।
Greater Noida news :
एडीसीपी साद मियां खान ने बताया कि गत 25 नवंबर को आम्रपाली लेजर वैली सोसायटी में चोरी की घटना हुई थी। इस घटना के खुलासे के लिए कई टीमें काम कर रही थी। विवेचना के दौरान राहुल, राजीव, बंटी और राजन के नाम प्रकाश में आए थे। थाना प्रभारी अनिल राजपूत को सूचना मिली कि आम्रपाली लेजर वैली में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एसीई सिटी के पास एक एसयूवी कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बदमाश भाग निकले। पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी मुठभेड़ में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए जबकि एक बदमाश भाग गया। मुठभेड़ में राजन पुत्र रामप्यारे, राजीव तोमर पुत्र राजेंद्र तोमर, बंटी पुत्र अशोक कुमार को गोली लगी है। भागे बदमाश राहुल चौहान पुत्र ओमपाल सिंह को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने लेजर वैली सोसायटी में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रैकी के बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घर में रखी तिजोरी का लॉक न खुलने पर वह उसे अपनी स्विफ्ट गाड़ी में लादकर ले गए थे। दिल्ली में उन्होंने तिजोरी का लॉक गैस कटर से काटकर उसमें रखी नगदी व आभूषण निकालकर बेच दिये थे। इनके पास से तमंचे कारतूस, चोरी किए गए सोने चांदी के जेवरात व 57 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। पकड़े गए बदमाशों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पकड़े गए चारों आरोपी अंतरराज्यीय चोर हैं। चारों आरोपी अधिकतर पॉश सोसाइटियों में चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।