Greater Noida News : हाइवे के गलत निर्माण से त्रस्त ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, ज्ञापन देकर की अंडरपास बनाने की मांग
Troubled by the wrong construction of the highway, the villagers opened the front, demanding the construction of an underpass by giving a memorandum.
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 12:14 PM
ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र के दर्जनों गांव के नागरिक हाइवे के गलत निर्माण से त्रस्त हैं। हाइवे पर पर्याप्त मात्रा में अंडरपास न होने के कारण इस क्षेत्र में आएदिन हादसे होते रहते हैं। इन हादसों में अनेक जान भी जा चुकी हैं। अब क्षेत्र के ग्रामीणों ने इस मुद्दे को जोर शोर से उठाना शुरू कर दिया है।
वर्षों से जान की बाजी लगाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पार करने वाले जारचा, छौलस व कलौंदा समेत एक दर्जन गांव के लोगों ने कोट के पुल के पास अंडरपास बनाने की मांग बुलंद की है। ग्रामीणों ने इस आश्य का एक ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा है।
गौतमबुद्धनगर के जि़लाधिकारी सुहास एलवाई को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-91 (जीटी रोड) पर प्रस्तावित 6 लेन के राजमार्ग में कोट के पुल से जारचा, जमशेदपुर, कलौंदा, छौलस, नंगला नैनसुख, मिलक, छायसा, नूरपुर, वीरपुरा, खंडैरा तथा छौलस की मढैया वाले संपर्क मार्गों पर अंडरपास बनाए जाए। इन गांवों के लोगों को दादरी तहसील व सूरजपुर मुख्यालय आने-जाने के लिए कोट के पुल के पास हाईवे को पार करना पड़ता है। इससे हमेशा हादसे की गंभीर आशंका बनी रहती है। पूर्व में कई हादसे हो भी चुके हैं। इसलिए कई गांवों की इस गंभीर समस्या के मददेनजर अंडरपास का निर्माण अविलंब कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही अंडरपास का निर्माण नहीं हुआ तो मजबूरन ग्रामीण आंदोलन के लिए विवश होंगे। ज्ञापन की प्रति सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना प्रबंधक को भी भेजी गयी है।
Greater Noida News
ज्ञापन देने वालों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के अलावा प्रधान कपिल भाटी नगला, अतहर प्रधान छोलस, राजू प्रधान कलोंदा, सुमन प्रधान जारचा, रिजवान खान, यशपाल तेवतिया, सत्येंद्र, सुभाष, मुकेश,ज़ाहिद, उपेंद्र, फहीम अब्बास समेत कई ग्रामीण मौजूद थे।