Greater Noida News : दो हादसे, दो चौकी इंचार्ज, दोनों जख्मी
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 01:20 PM
मथुरा जा रहे चौकी इंचार्ज की कार में मारी टक्कर, हालत गंभीर
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। युवक से मोबाइल लूटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों का पीछा करते हुए जगत फार्म चौकी इंचार्ज हादसे का शिकार हो गए। जख्मी पुलिस अधिकारी को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, थाना दनकौर के कस्बा चौकी इंचार्ज भी सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना बीटा-दो के प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गामा-2 सेक्टर में मोबाइल लूटे जाने की सूचना पर जगत फार्म चौकी इंचार्ज राहुल प्रताप सिंह सेक्टर में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक युवक का मोबाइल फोन लूटकर लुटेरे सेक्टर से बाहर की तरफ भाग रहे हैं। सूचना के आधार पर चौकी इंचार्ज ने अपनी बाइक से लुटेरों का पीछा करना शुरू किया। पीछा करने के दौरान अचानक सेक्टर के एक कट से स्कूटी सवार उनके सामने आ गया। स्कूटी की टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि चौकी इंचार्ज के घायल होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें दनकौर के एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। चौकी इंचार्ज के हाथ व पैर में चोटें आई हैं। उपचार के बाद आज तड़के सुबह उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
दूसरी ओर, थाना दनकौर के कस्बा चौकी इंचार्ज अभय प्रताप सिंह किसी मुकदमे की विवेचना के लिए मथुरा जा रहे थे। मथुरा टोल के पास उनकी कार में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अभय प्रताप सिंह की कार क्षतिग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें दनकौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।