Greater Noida :भारत की बेटियों ने पूरी दुनिया में रोशन किया जाट समाज का नाम
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:44 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। भारत की बेटियों ने पूरी दुनिया में अपने देश और जाट समाज का नाम रोशन किया है। देश की महिला महिला पहलवानों ने रोम (इटली) में आयोजित विश्व महिला अंडर-17 कुश्ती प्रतियोगिता-2022 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पांच स्वर्ण पदक जीते। भारतीय टीम इस चौंपियनशिप में अंक तालिका में 149 अंक हासिल करते हुए दूसरे स्थान पर रही।
चौंपियनशिप में भाग ले रही भारतीय टीम में शामिल महिला पहलवानों ने भारतीय खेल प्राधिकरण क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ में लगे प्रशिक्षण शिविर में अपनी तैयारियों को धार दी थी। इसके चलते हाल ये रहा कि दांव पर लगे 10 पदकों में से पांच भारत की झोली में गिरे। 25 से 31 जुलाई तक आयोजित इस चौंपियनशिप में मुस्कान ने 40 किग्रा भार वर्ग, रितिका ने 43 किग्रा वर्ग, सविता ने 61 किग्रा वर्ग, हर्षिता ने 69 किग्रा वर्ग और प्रिया मलिक ने 73 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
साई लखनऊ के कार्यकारी निदेशक संजय सारस्वत ने बताया कि लखनऊ कैंप में हर्षिता के अलावा अन्य चारों पदक विजेता शामिल थीं। ग्रेटर नोएडा जाट समाज के अमित राठी ने बताया कि उनकी संस्था जाट समाज की बेटियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों से गद्गद है। पूरी दुनिया में अपने समाज का नाम रोशन करने वाली बेटियां हमारी भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का श्रोत हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि पढ़ाई के साथ ही खेल भी आवश्यक है और खेल में भविष्य उज्ज्वल हो सकता है। अमित राठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान की इन बेटियों को उनकी संस्था की ओर से सम्मानित किया जाएगा।