फैशन प्रेमियों को लगने वाला है झटका, H&M और Zara पर होगा बड़ा असर
भारत
चेतना मंच
08 Sep 2025 05:15 PM
आज के समय में ब्रांडेड कपड़े पहनना केवल फैशन नहीं बल्कि एक स्टेटमेंट बन चुका है। खासकर युवाओं में यह ट्रेंड सोशल मीडिया के चलते तेजी से फैल रहा है। जहां बड़े-बड़े इनफ्लुएंसर जो कपड़े पहनते हैं वे युवा भी उसी स्टाइल को अपनाने की कोशिश करते हैं और ये कपड़े ज्यादातर H&M, Zara, Uniqlo, Lacoste, Super Dry जैसे मिड-रेंज ब्रांड के होते हैं, जो न तो बहुत महंगे हैं और न ही बेहद सस्ते। यही वजह है कि ये ब्रांड देश की मिडिल क्लास से लेकर अपर मिडिल क्लास तक के बीच बेहद लोकप्रिय हैं लेकिन अब इन ब्रांडेड कपड़ों की खरीदारी करना थोड़ा महंगा होने वाला है। Tax On Branded Clothes
ब्रांडेड कपड़ों पर बढ़ेगा GST
22 सितंबर से ब्रांडेड कपड़ों पर GST बढ़ने वाला है जिससे इन कपड़ों के दामों में इजाफा होगा। फिलहाल 2,500 रुपये से ऊपर कीमत वाले कपड़ों पर 12% GST लगता था लेकिन अब इसे बढ़ाकर 18% कर दिया गया है। इसका सीधा असर H&M, Zara, Uniqlo, Lacoste, Super Dry जैसे ब्रांडों पर पड़ेगा जिनके कपड़े आमतौर पर 2,500 रुपये से ऊपर के होते हैं।
GST में यह बदलाव क्यों?
भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में GST में बदलाव की घोषणा की थी। इसमें कई जरूरी वस्तुओं पर टैक्स कम किया गया, लेकिन ब्रांडेड कपड़ों पर GST बढ़ा दिया गया। इसका मकसद टैक्स के दायरे को बढ़ाना और राजस्व संग्रह बढ़ाना बताया जा रहा है। लेकिन इससे ब्रांडेड कपड़ों की कीमतों में बढ़ोतरी होना तय है।
किस तरह होगा असर?
मिडिल क्लास और युवाओं के लिए यह बड़ा झटका हो सकता है क्योंकि अब वे अपनी पसंदीदा ब्रांडेड चीजें पहले जितनी आसानी से नहीं खरीद पाएंगे। वहीं कपड़ा उद्योग के लिए भी यह बड़ा संकट है क्योंकि GST बढ़ने से उत्पादन लागत बढ़ेगी और बिक्री पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। कपड़ा निर्माताओं का कहना है कि GST बढ़ने से कपड़ा उद्योग पर दबाव बढ़ेगा जिससे व्यवसाय प्रभावित होगा। खासकर तब जब बाजार पहले से ही आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है। इससे न सिर्फ ब्रांडेड कपड़ों की बिक्री घट सकती है बल्कि कई छोटे और मझोले कारोबारों को भी नुकसान हो सकता है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या बढ़े हुए GST के बाद भी ये विदेशी ब्रांड अपनी लोकप्रियता बनाए रख पाएंगे या फिर ग्राहक सस्ते विकल्पों की ओर रुख करेंगे। फैशन की दुनिया में यह बड़ा बदलाव आने वाला है जो कई लोगों की जेब पर सीधे असर डाल सकता है। अगर आप फैशन से जुड़े हैं या कपड़े खरीदने की योजना बना रहे हैं तो 22 सितंबर के बाद दामों में वृद्धि का ख्याल जरूर रखें। Tax On Branded Clothes