
Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने सूरत पहुंचे AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सूरत की सभा में लोगों ने गो बैक गो बैक के नारे लगाए और काले झंडे भी फहराने लगे। असदुद्दीन ओवैसी की बैठक सूरत के रुदरपुरा खाड़ी इलाके में थी। असदुद्दीन ओवैसी की मौजूदगी में लोगों ने गो बैक के नारे लगाए। ओवैसी की बैठक में मोदी-मोदी के नारे भी लगे।
आपको बता दें कि, गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। इस बीच असदुद्दीन ओवैसी भी पूरा जोर लगा रहे हैं। असदुद्दीन ओवैसी गुजरात में लगातार सभाएं कर रहे हैं। ओवैसी अल्पसंख्यक वोटों को अपने पाले में करने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जब सूरत में वह सभा के लिए पहुंचे तो उनको भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि विभिन्न राजनीतिक दल चुनावी जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात से भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं। गुजरात में भाजपा दो दशक से ज्यादा वक्त से सत्ता में है। गुजरात की 182 विधानसभा सीट के लिए 1 और 5 दिसंबर को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना 8 दिसंबर को होगी।
गुजरात में चुनाव के लिए सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार-प्रसार कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के बड़े नेता गुजरात में कई रैलियां कर चुके हैं। वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी गुजरात चुनाव में जीत का दावा कर रहे हैं। कांगेस पार्टी के नेता भी लगातार गुजरात पहुंचकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं।