
Gujarat Election: गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान 1 दिसंबर को होगा। लेकिन इसका असर महाराष्ट्र में भी देखने को मिल रहा है। दरअसल, गुजरात के बहुत सारे लोग काम करने के लिए रोजाना सीमावर्ती महाराष्ट्र में भी जाते हैं। ऐसे में महाराष्ट्र सरकार ने गुजरात चुनाव के मतदान के लिए आदेश जारी किया है कि गुजरात में मतदान वाले दिन अवकाश मिलेगा और इसके कोई पैसे भी नहीं कटेंगे।
यह विशेष आदेश गुजरात के सीमावर्ती जिलों जैसे पालघर, नासिक, नंदूर्बार और धुले के लिए है। सभी प्राइवेट कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वह इस आदेश का पालन करें। अगर कहीं पर भी इसका उल्लंघन होता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र सरकार ने निजी कंपनियों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है। अपवाद की स्थिति में अगर किसी कर्मचारी को पूरे दिन की छुट्टी नहीं दी जा सकती है तो उसे कम से कम 2 घंटे का अवकाश देना जरूरी है। इसके लिए जिलाधिकारी और जिला चुनाव अधिकारी की अनुमति लेनी होगी। सरकार के आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि अगर आदेश का पालन नहीं होता है तो कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि गुजरात में दो चरण में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 1 दिसंबर को होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 5 दिसंबर को होगा। गुजरात में इस बार चुनाव द्वीपक्षीय ना होकर त्रिपक्षीय नजर आ रहा है। एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी पिछले 27 साल से प्रदेश की सत्ता पर काबिज है तो दूसरी तरफ कांग्रेस ने पिछले चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करके इस चुनाव में अपनी वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। खुद राहुल गांधी भी आज गुजरात में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी इस बार गुजरात के चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही है। पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, राघव चड्ढा, संजय सिंह समेत तमाम वरिष्ठ नेता यहां पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।