Gujrat Political News : भाजपा के साथ कांग्रेस के प्रचार की भी जिम्मेदारी ले रहे हैं पीएम मोदी : इसुदान गढ़वी
PM Modi is also taking responsibility for campaigning of Congress along with BJP: Isudan Gadhvi
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:05 AM
Ahmedabad : अहमदाबाद (गुजरात)। आम आदमी पार्टी के नेशनल जवाइंट जनरल सेक्रेटरी इसुदान गढ़वी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पता चल गया है कि मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच है। इतना ही नहीं, भाजपा का हर नेता जानता है कि आम आदमी पार्टी गांवों में भी घुस चुकी है। लेकिन, हमें आश्चर्य है कि प्रधानमंत्री भाजपा के साथ ही कांग्रेस को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी ले रहे हैं। अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस गांवों तक जा पहुंची है, जबकि कांग्रेस अब कहीं पर नहीं है। फिर भी प्रधानमंत्री कांग्रेस को जिंदा रखना चाहते हैं। प्रधानमंत्री चाहते हैं कि कांग्रेस मजबूत हो। इसका साफ मतलब है कि भाजपा 27 साल से इसलिए सत्ता में थी, क्योंकि उनकी कांग्रेस के साथ मिलीभगत थी। जरूरत पड़ने पर वह कांग्रेस के विधायकों को खरीद लेते थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री यह जानते हुए भी कांग्रेस को मजबूत कर रहे हैं कि आम आदमी पार्टी ने गांवों, शहरों, गलियों में जा घुसी है। अगर कांग्रेस जिन्दा रह जाती है और आठ या दस सीटें भी हासिल कर लेती है, तो खानापूर्ति का सवाल आने पर भाजपा कांग्रेस के सभी एमएलए को खरीद सकती है। गुजरात की जनता सब कुछ जान गई है, हर एक चाल को समझ चुकी है। पिछले दस सालों में कांग्रेस के 65 बड़े नेता भाजपा में शामिल हुए हैं, इतना ही नहीं आंदोलनकारी भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसका साफ मतलब है कि भाजपा किस तरह लोगों को डराकर, धमकाकर और पैसे देकर लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करती है। लेकिन, इस बार गुजराती जनता ने फैसला किया है, इस बार न भाजपा, न कांग्रेस, सिर्फ आम आदमी पार्टी।