Gujrat Political News : अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के सरकारी कर्मचारियों को ‘पुरानी पेंशन योजना’ लागू करने की गारंटी दी
Arvind Kejriwal in Gujrat
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 08:12 AM
Gujrat Political News : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने एक दिवसीय दौरे पर वडोदरा आए। पार्टी के नेशनल ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी इसुदान गढवी और गुजरात प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अरविंद केजरीवाल ने वडोदरा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पिछले कई दिनों से गुजरात के सरकारी कर्मचारी बड़ा व्याघ्र प्रदर्शन कर रहे हैं। सभी सरकारी कर्मचारी बहुत दुखी हैं, बहुत गुस्से में हैं, और पहली बार देखा गया कि जिस तरीके से सेक्रेटेरिएट का घेराव किया गया और इतनी बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी सड़कों के ऊपर उतरे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए। मैं उन सब साथियों को आश्वासन देता हूं, गारंटी देता हूं कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो गुजरात के अंदर हम पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। कल ही पंजाब के सीएम ने पुरानी पेंशन योजना को लागू करने का ऑर्डर दिया है। जैसे पंजाब में हम यह लागू करने जा रहे हैं, वैसे ही गुजरात में भी हम पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। मेरा सभी सरकारी कर्मचारियों से निवेदन है कि आप अपना संघर्ष जारी रखें। अगर यह सरकार कर देती है तो ठीक है और अगर यह सरकार नहीं करती है तो हमारी सरकार बनने के बाद हम यह लागू कर देंगे।
Gujrat Political News :
किसी भी राज्य के अंदर चुनाव जिताने या हराने में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका काफी बड़ी होती है। मेरा उनसे निवेदन है कि यह सरकार भ्रष्टाचारी है। यह सरकार जनविरोधी काम करती है। इस सरकार को 27 साल हो गए, अब इनके अंदर अहंकार आ गया है। एक बार उनको हटाना बहुत जरूरी है। सारे मिलकर उनको हटाने की तैयारी करें और उसी दिशा में काम करें। हम आप लोगों से एक ही मौका मांग रहे हैं। यह लोग बार-बार आकर कह रहे हैं कि एक मौका और दे दो, एक मौका और दे दो। पर यदि हम दूसरी बार आएंगे तो यही कहेंगे कि अगर हमने अच्छा काम किया है तो ही हमें दोबारा लाना वरना मत लाना। इसलिए मेरा सरकारी कर्मचारियों से निवेदन है कि आम आदमी पार्टी का प्रचार करें। सोशल मीडिया पर प्रचार करें, ज्यादा से ज्यादा प्रचार करें।
उन्होंने कहा कि एक और चीज देखने को मिल रही है कि ये दोनों पाटियां हमारे खिलाफ खड़ी हो गई हैं। ये दोनों मुझे खूब गालियां देती हैं कि केजरीवाल झूठा है, केजरीवाल आतंकवादी है। दोनों की भाषा आज भी एक है, दोनों के शब्द भी एक हैं। मेरा कसूर क्या है? मैं कहता हूं कि हम गुजरात के लोगों की महंगाई दूर करेंगे। ये लोग नहीं चाहते कि गुजरात की जनता की महंगाई दूर हो। मैंने कहा कि हम बिजली मुफ्त कर देंगे। लेकिन, ये दोनों पार्टियां नहीं चाहतीं कि गुजरात की जनता की बिजली मुफ्त हो। मैंने कहा कि हम गुजरात के सरकारी स्कूल और अस्पताल बहुत शानदार कर देंगे, जैसे दिल्ली में किए हैं। ये दोनों पार्टियां मिलकर मुझ पर अटैक करती हैं। ये नहीं चाहते कि गुजरात के स्कूल अच्छे हों, गुजरात के अस्पताल अच्छे हों। मेरा यही तो कसूर है कि हम गुजरात के लोगों की भलाई की बात कर रहे हैं और ये दोनों पार्टियां मिलकर जबरदस्त तरीके से हमारा विरोध कर रही है। अब देखना, आने वाले दिनों में ये लोग अपने राष्ट्रीय स्तर के बड़े-बड़े नेता उतारेंगे और ये सारे लोग आकर मुझे गालियां देंगे।
गुजरात में पूर्व सैनिक विरोध कर रहे हैं, फॉरेस्ट गार्ड प्रदर्शन कर रहे हैं। मैंने अभी एक वीडियो देखा, जिसमें खाकी वर्दी वाले खादी वर्दी वालों के खिलाफ लड़ रहे हैं, यह अच्छी बात नहीं है। नेशनल हेल्थ मिशन के वर्कर्स प्रदर्शन कर रहे हैं, एलईडी वेटिंग वाले प्रदर्शन कर रहे हैं, वीसीई प्रदर्शन कर रहे हैं, टीचर्स प्रदर्शन कर रहे हैं, किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, ऐसा लग रहा है जैसे सारा गुजरात सड़कों के ऊपर आ गया है। इन सभी साथियों से मैं निवेदन करना चाहता हूं, उनको आश्वासन देना चाहता हूं कि जैसे ही आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, उनके सारे मुद्दों का समाधान करेंगे।
Gujrat Political News :
कुछ ब्यूरोक्रेट्स ने आम आदमी पार्टी की मान्यता रद्द करने की अपील की थी। इस बात पर अरविंद केजरीवाल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि मैं सारे ब्यूरोक्रेट्स को कहना चाहता हूं कि उन्होंने कभी भी जनता के मुद्दे नहीं उठाए। उन्होंने कभी भी गुजरात में जो इतना भ्रष्टाचार हो रहा है, उसका मुद्दा नहीं उठाया। जो लोग प्रदर्शन कर रहे हं,ै कभी भी उनके मुद्दे नहीं उठाए। जितने सरकारी कर्मचारी प्रदर्शन करके पुरानी पेंशन योजना की मांग कर रहे हैं, मैं उनके लिए सभी ब्यूरोक्रेट्स से निवेदन करता हूं कि एक बार लिख दें कि पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए। जितने भी लोग अभी गुजरात में प्रदर्शन कर रहे हैं, वे सभी इस देश के नागरिक हैं। इनका भी अपना जनतांत्रिक अधिकार है। अगर ये दुखी हैं और यह सरकार में बदलाव चाहते हैं तो बदलाव होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पंजाब के चंडीगढ़ हॉस्टल में जो दुखदाई घटना हुई है, वह काफी दुखदाई है, ऐसा नहीं होना चाहिए था। जो दोषी हैं, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। हम उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाएंगे। सभी लोग सियासत करते हैं, लेकिन ऐसे मुद्दे पर सियासत नहीं होनी चाहिए।
मुझे भाजपा पर बहुत दया आती है। सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स, पुलिस भाजपा के पास है। उसके बावजूद वह रोज प्रेस कॉन्फ्रेंस करके उसने यह कर दिया, उसने वह कर दिया, कहते रहते हैं। जिंदगी में कभी केंद्र में हमारी सरकार बनी तो हम दोषियों को जेल भेजेंगे, उनकी तरह प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे। इसका यह मतलब है कि उनसे काम नहीं हो रहा। सुबह से शाम बैठकर नौटंकी कर रहे हैं। यदि किसी ने गलत काम किया है तो उन्हें जेल भेजो। हमारे ऊपर 169 केस किए हैं, जिसमें से 134 क्लियर हो गए हैं और 35 अभी तक पेंडिंग हैं।
अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि आज जब मैं वडोदरा एयरपोर्ट पर उतरा, तब कुछ 30-40 लोगों ने ‘मोदी मोदी’ के नारे लगाए। अभी गुजरात के अंदर माहौल ऐसा बन गया है कि भाजपा को जबरदस्त तकलीफ होने वाली है। कहते हैं कि गुजरात के शहरी विस्तार की 66 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा कभी नहीं हारी। इस बार उन 66 सीटों पर भी उनको तकलीफ होगी, क्योंकि वह इस बार वो वहां की सारी सीटें नहीं जीत रहे। तो जाहिर तौर पर वे लोग मेरे खिलाफ नारे लगाएंगे। लेकिन, दूसरी चीज काफी दिलचस्प है कि जब भी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी गुजरात आते हैं तो उनके खिलाफ कोई भाजपा वाला नारे नहीं लगाता। आज भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टी के लोग मेरे खिलाफ नारे लगाते हैं, दोनों इकट्ठे हो गए हैं, दोनों मेरे पीछे पड़े हुए हैं।
[playlist type="video" ids="35503"]
पिछले 6 महीने में भगवंत मान ने पंजाब में जो काम किए हैं, ऐसे काम पिछले 75 सालों में किसी सरकार ने नहीं किये। आज 75 साल के बाद पंजाब को कट्टर ईमानदार और मेहनती मुख्यमंत्री मिले हैं। मान साहब ने पिछले 6 महीनों में 100 मोहल्ला क्लीनिक बना दिए हैं, पंजाब के लोगों की बिजली मुफ्त कर दी, 17000 नई नौकरियां निकालीं, 8000 टीचर्स को पक्का कर दिया। इतने सारे काम भगवंत मान ने कर दिए है कि उनके विरोधियों को उनके कामों में कोई गलती नहीं दिख रही, इसलिए वह मान साहब पर कीचड़ उछाल रहे हैं। भगवंत मान पंजाब के विकास के कामों में लगे हुए हैं, लेकिन उनके विरोधी उनको रोकना चाहते हैं। मैं उन विरोधियों से पूछना चाहता हूं कि अगर भगवंत मान 6 महीने में बिजली मुक्त कर सकते हैं तो दूसरी पार्टियों ने पिछले 75 सालों में बिजली मुफ्त क्यों नहीं की? सारा पैसा लेकर कहां चले गए? पंजाब का पैसा किस ने खाया?
गुजरात में जो दारूबंदी है। उसको लागू रखा जाएगा और जमीन पर लागू किया जाएगा। अभी सारा धंधा इन्हीं लोगों का है। यह सब जानते हैं। 10-15 हजार करोड़ का धंधा इन्हीं लोगों का है। इनके ही लोग यह धंधा करते हैं और सारा प्रॉफिट कमाते हैं। यह सब हम नहीं करेंगे, हम अपनी पार्टी दारू बेचकर नहीं चलाते। वह लोग दारु बेच कर पार्टी चलाते हैं, लेकिन हम ईमानदारी से अपनी पार्टी चलाते हैं।
श्री केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यक्रमों की जगह बार-बार बदलनी पड़ती है। वडोदरा में हमें जो प्रोग्राम करना था, उसके लिए 13 जगह हमें बदलनी पड़ी। जहां भी हम अपना कार्यक्रम फिक्स करते थे, वहां पर फोन करके लोगों को धमकाया जाता था कि केजरीवाल का प्रोग्राम मत होने देना, आम आदमी पार्टी का कोई प्रोग्राम मत होने देना। यह सब जनतंत्र के लिए ठीक नहीं है। हम सब पक्ष और विपक्ष हैं, हम एक दूसरे के दुश्मन नहीं है। ये लोग जो करवाते हैं, वह गुंडागर्दी है और गुजरात की जनता इसी गुंडागर्दी से परेशान है। मैं छोटा आदमी हूं, मैं यह सब भुगत लूंगा, लेकिन गुजरात की जनता इनकी गुंडागर्दी से ज्यादा परेशान हो गई है, क्योंकि गुजरात की जनता के साथ यह लोग रोज गुंडागर्दी करते हैं।