Gujrat Political News : गुजरात के व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण देना पहली प्राथमिकता : अरविंद केजरीवाल
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:29 AM
Ahmedabad : अहमदाबाद। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऑटो चालकों के बाद व्यापारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था में सबसे ज्यादा योगदान व्यापारी और उद्योगपतियों का होता है, लेकिन उन सब लोगों को डरा कर रखा हुआ है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अहमदाबाद में व्यापारियों से कहा कि, कल जब मैं फ्लाइट से आ रहा था तो मेरे बाजू में अहमदाबाद के एक व्यापारी बैठे थे। वो मुझे देखकर आश्चर्यचकित हो गए कि मैं सीएम के बाजू में बैठा हूं। मेरे भाग्य खुल गए। फिर उन्होंने कहा कि मैं आपके साथ फोटो लेना चाहता हूं। मैंने कहा कि ले लीजिए। और फिर वह कहने लगे कि नहीं ले सकते गड़बड़ हो जाएगी। मैंने पूछा क्या गड़बड़ हो जाएगी, तो वह कहने लगे कि आजकल आपके पीछे सीबीआई, ईडी वाले पड़े हुए हैं। अगर मैंने फोटो ले ली तो मेरे पीछे भी पड़ जाएंगे। मैंने कहा फोटो शेयर मत करना अपने मोबाइल में रख लेना, तो उन्होंने कहा कि फोन भी सभी के टेप होते हैं। फोटो ली तो उनके पास पहुंच जाएगी। मैं सोच में पड़ गया कि हमारे देश के लोग कितने डरे हुए हैं। हमारे व्यापारी कितने डरे हुए हैं। जिस देश का व्यापारी फोटो लेने में इतना डरा हुआ है वह देश कैसे तरक्की कर सकता है? देश की अर्थव्यवस्था में सबसे ज्यादा योगदान व्यापारी और उद्योगपतियों का होता है लेकिन उन सब लोगों को डरा कर रखा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जब मैं होटल पहुंचा तो ये खबर आ गई थी कि आम आदमी पार्टी के ऑफिस पर गुजरात पुलिस की रेड करवा दी गई है। 2 घंटे छानबीन करके अपना माथा पकड़कर बैठ गई पुलिस और बार-बार वहां उपस्थित लोगों से पूछ रही थी कि पैसा कहां है? इन लोगों ने कहा कि है ही नहीं सर, फिर वह लोग वहां से चले गए। आज सुबह गुजरात पुलिस ट्वीट करके कहती है कि कोई रेड हुई ही नहीं है। लेकिन रेड हुई है। तीन पुलिस वाले आए, तीनों पुलिस वालों ने सब कुछ छानबीन की, अपना आई कार्ड भी दिखाया, आई कार्ड दिखाकर उन्होंने खुद बताया कि हम पुलिस वाले हैं। उनके पास कोई सर्च वारंट नहीं था, वह आए छापा मारा और चले गए। हमने जब शोर किया कि हमारे ऊपर रेड हो गई है तो कहने लगे कि कोई रेड नहीं हुई। इनका यह बड़ा अच्छा है बिना कागज के बिना वारंट के किसी के भी घर में घुस जाओ किसी के भी दफ्तर में घुस जाओ। यह तो आम आदमी पार्टी थी, वरना यह लोग तो किसी से भी पैसे मांग लेते और कहते कि इतने पैसे दो वरना हम तुम को पकड़कर ले जाएंगे। मुझे समझ नहीं आ रहा कि यह चल क्या रहा है इस देश में? ऐसे कैसे पुलिस या सरकार चलेगी? भ्रष्टाचार रोकने के लिए नहीं उगाही करने के लिए एजेंसी के द्वारा सब को डरा कर रखा है। जब तक व्यापारी के मन से डर नहीं निकाला जाएगा, जब तक व्यापारी खुलकर व्यापार नहीं कर पाएगा तब तक देश तरक्की नहीं कर पाएगा। जिस दिन आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी उस वक्त गुजरात में व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण देना हमारा सबसे पहला काम होगा।
उन्होंने कहा कि मैं खुद एक व्यापारी परिवार से आता हूं। मैं जानता हूं कि व्यापारी कितने टेंशन में व्यापार करता है। सबसे ज्यादा जीएसटी से लोग दुखी हैं। अभी किसी एक व्यक्ति ने बताया कि कंप्लायंस की भी दिक्कत है, और रेट की भी दिक्कत है। इन लोगों ने जीएसटी को इतना कठिन कर दिया है कि चार्टर्ड अकाउंट को पैसे देने पर भी कहीं ना कहीं गड़बड़ हो जाती है। इसको सरल करने की जरूरत है। हम जीएसटी को गुजरात के स्तर पर भी सरल करेंगे और केंद्र सरकार के स्तर पर भी आवाज उठाकर सरल करने की कोशिश करेंगे। अगर अब आप गुजरात में सरकार बना दोगे तो देश में हमारे तीन सीएम हो जाएंगे। जब तीन सीएम साथ मिलकर केंद्र सरकार के सामने आवाज उठाएंगे तो हमारी बात जल्दी सुनी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट का ऑर्डर आया है कि, जीएसटी के ऊपर जो निर्णय लिए जाते हैं वह राज्य सरकार के ऊपर बाध्य नहीं है। यह आर्डर बहुत बड़ा अवसर पैदा करता है। इसको हम ध्यान से स्टडी करेंगे और यदि अवसर पैदा होता है, तो आज मैं गुजरात के व्यापारियों को आश्वासन देकर जाना चाहता हूं कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद हम आपके साथ बैठेंगे और जीएसटी की रेजिन बिल्कुल वैसी होगी जैसे आप बनाना चाहेंगे।
हमने सुना है कि वैट और के और जीएसटी के काफी सारे पुराने पेंडिंग पड़े हुए हैं। यह सब सरकारी जानबूझकर करती है क्योंकि जब उनका खर्चा नहीं निकलता तो यह सारे पैसे रोक देती है। लेकिन इन वजह से व्यापारियों के पास कैश फ्लो रुक जाता है और कैश फ्लो एक व्यापारी की जान होता है। तो हमारा आपसे वादा है कि हमारी सरकार बनने के बाद सिर्फ 6 महीने के अंदर आपको आपके वैट और जीएसटी के रिफंड मिल जाएंगे।
हमारी सरकार बनने के बाद एक ऐसा काम हम करेंगे जो सिर्फ आम आदमी पार्टी ही कर सकती है, वह है भ्रष्टाचार को पूरी तरीके से खत्म करना। यहां पर काफी सारे लोगों ने बताया कि उनको पुलिस वालों को पैसे देने पड़ते हैं तो मेरा आप सब से वादा है कि हमारी सरकार बनने के बाद किसी की हिम्मत नहीं होगी आपसे पैसे मांगने की। दिल्ली में हमने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है। जब हम पहली बार चुनाव लड़े तो हमारी 28 सीट आई थी, फिर हमने सिर्फ 49 दिनों में इतना शानदार काम किया कि दूसरी बार लोगों ने हमें 67 सीटें दे दी। हमने उस दौरान कई अच्छे काम किए लेकिन एक काम ऐसा किया कि हमने दिल्ली में ऐलान कर दिया कि ष्अगर कोई आपसे पैसे मांगे तो आप मना मत करना लेकिन अपने फोन से ऑडियो रिकॉर्डिंग करके हमें व्हाट्सएप कर दीजिए तो उस भ्रष्ट अफसर को मैं जेल में डाल दूंगा। उस 49 दिन में हमने 32 लोगों को जेल भेजा और इस वजह से दिल्ली में भ्रष्टाचार सिर्फ कम नहीं हुआ बल्कि खत्म हो गया। तो यह हम ही कर सकते हैं क्योंकि हमारी नियत साफ है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में हमारे खिलाफ झूठ फैलाया जा रहा है कि केजरीवाल ने शराब घोटाले में पैसे खाएं, मनीष सिसोदिया ने 144 करोड़ खाए। उनके घर पर रेड हुई तो उनके घर से 10 हजार रुपये भी नहीं मिले। अगर किसी ने 144 करोड़ खाए होते तो कुछ लाख रुपये तो जरूर मिलते, लेकिन उनको कुछ नहीं मिला। ऑफिसों में रेड की, लेकिन कुछ नहीं मिला, अहमदाबाद की ऑफिस में रेड की लेकिन कुछ नहीं मिला, मनीष जी के घर से कुछ नहीं मिला। सत्येंद्र जी के घर से कुछ नहीं मिला। यह लोग बस हम पर कीचड़ फेंक रहे हैं, लेकिन जनता यह सब देख रही है। तो सबसे पहले तो हम गुजरात में भ्रष्टाचार बंद करेंगे और यह रेड वाली सिस्टम भी बंद कर देंगे। दिल्ली में हमारी सरकार बनी उसके बाद हमने सारी रेड बंद कर दी। मैं इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में था, वहां पर और कोई बेईमान नहीं है, लेकिन मैंने देखा है कि काफी सारे अफसर रेड के दौरान क्या करते हैं। जितना पैसा रेड के दौरान सरकार को मिलता है उससे ज्यादा भ्रष्ट अफसर अपनी जेब में डालते हैं। तो हम यह सब रेड वाली सिस्टम बंद करेंगे। दिल्ली में जब रेड पड़ती थी, तब दिल्ली का बजट 30000 करोड़ था और अब हमने रेड सिस्टम बंद कर दी तो आज दिल्ली का बजट 75000 करोड़ है। हमें पता है कि व्यापारी सच्चे दिल से टैक्स देना चाहता है तो उसको एक मौका देने की जरूरत है और हम व्यापारियों को यह मौका देंगे।
आज दिल्ली में व्यापारी खुश है। वह देख रहा है कि हमने उनके बच्चों के लिए अच्छे स्कूल बनाएं, उनको अच्छी शिक्षा दे रहे हैं, हमने अस्पताल अच्छे बनाएं और इलाज भी मुफ्त कर दिए हैं, तो आम जनता और व्यापारी खुशी-खुशी टैक्स दे रहे हैं। हम सारी प्रोसेस को सरल बनाएंगे। प्रोसेस को अब तक जटिल इसलिए बनाया गया था क्योंकि थक हार कर लोग रिश्वत देने के लिए मजबूर हो जाए और हम जानते हैं कि वह रिश्वत का पैसा ऊपर तक जाता है। लेकिन जब ऊपर बैठा हुआ आदमी कहता है कि किसी को पैसे नहीं लेने तो यह सिस्टम ऑटोमेटिक सरल होने लगता है, लोगकाम करने लगते हैं तो हमेशा ही भ्रष्टाचार मुक्त शासन गुजरात में लागू करना चाहते हैं। मेरा एक टारगेट है की 5 साल में व्यापार का सिस्टम इतना सरल और भ्रष्टाचार मुक्त कर दो कि 5 साल के बाद हर किसी का व्यापार 2 गुना हो जाए। अभी सारे व्यापारियों को जैसे घोटकर रखा गया है, लेकिन अगर व्यापारियों को खुलकर व्यापार करने का मौका दिया जाए तो हम बहुत आगे बढ़ सकते हैं हम चाइना से भी आगे बढ़ सकते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं एक बात से पूरी तरह सहमत हूं कि हमारे देश के बच्चों को मुफ्त शिक्षा मिलनी चाहिए। आज अमेरिका, ब्रिटेन, जापान जैसे देश अपने देश में बच्चों को मुफ्त में शिक्षा देते हैं। वह इसलिए मुफ्त में शिक्षा नहीं देते क्योंकि वह अमीर देश हैं, बल्कि वह अमीर इसलिए है क्योंकि वह देश अपने बच्चों को मुफ्त में शिक्षा देते हैं। अगर हमें अमीर देश बनना होगा तो हमारे ही देश के बच्चों को अच्छी और मुक्त शिक्षा देनी पड़ेगी। दिल्ली में हमने शानदार शिक्षा का इंतजाम कर दिया। दिल्ली के सभी सरकारी स्कूल शानदार कर दिए। आज इसी वजह से हमें सुनने में आता है कि प्लंबर का बेटा, कारपेंटर का बेटा, एक रिक्शावाले का बेटा इंजीनियर बन गया। जो खुद आज मुश्किल से 10 हजार रुपये महीने कमाता है यदि उसका बेटा इंजीनियर हो गया तो तीन लाख रुपये उसकी शुरुआत की पगार होगी। और ऐसे ही गरीबी दूर होगी। सरकारी योजनाओं से गरीबी दूर नहीं होने वाली, शिक्षा से गरीबी दूर होगी।
केजरीवाल ने कहा कि अभी जिस प्रकार का माहौल है मैं समझ सकता हूं कि व्यापारी सरकार से डरा हुआ है। इसलिए मैं यह नहीं कहूंगा कि खुलकर सामने आओ। यदि आप नहीं आ सकते तो खुलकर सामने मत आओ, लेकिन एक बार परिवर्तन कर दो। 27 साल बहुत ज्यादा हो जाता है, फिर सरकार में अहंकार आ जाता है, कोई हमारी सुनता नहीं है। इसलिए अब गुजरात एक बार बदलाव मांगता है। अंदरखाने काम करो, सब को बताओ कि इस बार झाड़ू को वोट दो। यह लोग कहते हैं कि अहमदाबाद भाजपा का का गढ़ है। अब आप लोगों की जिम्मेदारी है कि अहमदाबाद की 16 सीटों में से एक भी सीट भाजपा को नहीं जानी चाहिए। दिल्ली के लोगों ने 70 में से 67 सीट दी थी। पंजाब के लोगों ने 117 में से 92 सीटें दी थी। आप 182 में से कितनी सीटें दोगे? आप को दिल्ली और पंजाब का रिकॉर्ड तोड़ना है।
टाउन हॉल कार्यक्रम में ‘आप’ नेशनल जॉइंट जनरल सेक्रेटरी इसुदान गढवी, गुजरात प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया और गुजरात प्रदेश महामंत्री मनोज सोरठिया भी मौजूद थे।