Gujrat Political News : गुजरात के शिक्षा मंत्री के क्षेत्र के स्कूलों को देखेंगे मनीष सिसोदिया: इंद्रनील राजगुरु
Indranil Rajguru
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 02:18 AM
Gujrat Political News : अहमदाबाद/राजकोट/गुजरात। गुजरात चुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोपों का दौर जारी है। अब आप के आरोप पर भा जपा के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सफाई दी और कहा कि गुजरात सरकार ने सूरत के 73 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाकर इसे ठीक कर दिया है। पाटिल की सफाई पर आप के नेशनल ज्वाइंट सेक्रेटरी इंद्रनील राजगुरु ने मीडिया से कहा कि गुजरात की जनता का डर ही है कि सरकार ने सूरत के 73 स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाकर इसे ठीक कर दिया है। उन्हांेने कहा कि हमें यह जानकर खुशी हुई कि 27 साल बाद भाजपा ने जनता के डर से कम से कम 73 स्कूलों को ठीक कर दिया, लेकिन यह जानकर भी दुख हुआ कि 27 वर्षों में भाजपा ने केवल 73 स्कूलों को ठीक किया है।
Gujrat Political News :
इंद्रनील राजगुरु ने कहा कि हम डेटा की जांच करते थे और गणना करते थे कि गुजरात में स्कूलों को ठीक करने में कितने दिन लगते हैं। हमने गुजरात के कोने-कोने में जाकर स्कूलों को देखा, सभी स्कूलों की हालत खराब है, पढ़ने के लिए कोई सुविधा नहीं है, शिक्षकों की कोई व्यवस्था नहीं है। अगर ये लोग 27 साल में अब 73 सरकारी स्कूल ठीक करते हैं, तो गुजरात में कुल 40,800 सरकारी स्कूल हैं, सभी को ठीक करने के लिए भाजपा को 15000 साल लग जाएंगे। मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि भाजपा का यह फॉर्मूला बहुत ही भंगार है। 27 साल में 73 स्कूलों को ठीक करने का फॉर्मूला गुजरात के लिए किसी काम का नहीं है। गुजरात के लोग चाहते हैं कि पांच साल में स्कूल ठीक हो जाएं, लोग हजारों साल तक इंतजार नहीं करना चाहते। इसलिए आज गुजरात की जनता अरविंद केजरीवाल के काम पर विश्वास कर रही है।
आप नेता इंद्रनील राजगुरु ने कहा कि आज बीजेपी के गुजरात अध्यक्ष सीआर पाटिल ने जो बयान दिया है कि 27 साल में उन्होंने 73 स्कूल ठीक किए हैं और वह भी प्राथमिक स्कूल ठीक किए हैं। यह गुजरात के लोगों को मंजूर नहीं है। गुजरात के लोग पांच साल में स्कूलों को ठीक करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सीआर पाटिल ने हमें भी गुजरात के स्कूलों को देखने के लिए आमंत्रित किया है। गुजरात के सरकारी स्कूल का दौरा करने के लिए सीआर पाटिल के निमंत्रण को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने स्वीकार कर लिया है।
इंद्रनील राजगुरु के मुताबिक मनीष सिसोदिया गुजरात में सबसे पहले शिक्षा मंत्री के क्षेत्र के स्कूलों को देखेंगे। सिसोदिया यह भी देखेंगे कि भाजपा ने किन जगहों पर स्कूलों को ठीक किया है और जनता किन जगहों पर स्कूलों को खराब बता रही है। फिर हम सीआर पाटिल को भी आमंत्रित करेंगे कि आप भी दिल्ली आएं और अरविंद केजरीवाल द्वारा बनाए गए स्कूलों को देखें।