Gujrat Political News : आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपने के लिए गुजरात की जनता तैयार: इसुदान गढ़वी
Isudan Gadhvi in Gujrat
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 12:36 AM
Gujrat Political News : अहमदाबाद/वलसाड़/गुजरात। आम आदमी पार्टी के नेशनल ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी इसुदान गढ़वी ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरे गुजरात में खुद को एक मजबूत विकल्प के तौर पर स्थापित कर चुकी है। पार्टी को जनता से मिल रहे भारी समर्थन के आधार पर कहा जा सकता है कि लोग गुजरात की सत्ता आम आदमी पार्टी को सौंपने को तैयार हैं। आज गुजरात के हर समुदाय, जाति, धर्म और हर व्यवसाय से जुड़े हुए लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। अन्य पार्टियों में शामिल ईमानदार लोग भी आम आदमी पार्टी से जुड़कर जनता की सेवा के लिए आगे आ रहे हैं।
Gujrat Political News :
इसुदान गढ़वी ने कहा कि इन ईमानदार लोगों की लिस्ट में एक और नाम शामिल होने जा रहा है। आज अरविंद केजरीवाल के विचारों और दिल्ली सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर भीलीस्तान टाइगर सेना संगठन मुंबई के जिला प्रमुख और वलसाड जिले के सामाजिक कार्यकर्ता जयेशभाई भगुभाई बरफ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल जैसा कहते हैं, वैसा करके दिखाते हैं। एक सच्चा राजनेता वह है, जो सार्वजनिक सेवा में सार्वजनिक कर के पैसे का उपयोग करता है। आम आदमी पार्टी अकेली ऐसी पार्टी है, जिसके पास ईमानदार राजनेता हैं। आम आदमी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो सही मायने में गुजरात और देश को दुनिया में नंबर वन बना सकती है। आम आदमी पार्टी गुजरात में वैसा ही काम करेगी, जैसा दिल्ली में किया है और आम आदमी पार्टी को जिताने के लिए दिन-रात काम करेंगे। आप नेता ने कहा कि वर्ष 2018 में भीलीस्तान टाइगर सेना संगठन के मुंबई प्रमुख बनने के बाद जयेशभाई ने अपने क्षेत्र में समाज सुधार के कार्य किए। उन्होंने उन लोगों के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी, जिन्होंने बुजुर्गों की भूमि हड़प ली थी।
वलसाड जिले के सामाजिक कार्यकर्ता और हमेशा समाज के उत्थान के लिए काम करने वाले जयेशभाई बरफ ने कहा, अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की जनता को हर क्षेत्र में गारंटी का तोहफा दिया है। मुफ्त बिजली, मुफ्त अच्छी शिक्षा, मुफ्त अच्छा स्वास्थ्य, युवाओं को रोजगार मिलने तक 3000 रुपये का बेरोजगारी भत्ता, व्यापारियों के लिए भयमुक्त वातावरण, 18 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को 1000 रुपये सम्मान राशि, गुजरात के किसानों के लिए गेहूं, चावल, चना, मूंगफली और कपास जैसी 5 फसलों पर एमएसपी, जल, जंगल, जमीन केवल ग्राम सभाओं के अधिकार के लिए कानून, कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को खत्म, किसानों, सरपंच और आदिवासी समाज के लिए विशिष्ट गारंटी अरविंद केजरीवाल का एक उपहार दिया है।
उन्होंने कहा कि आज घर-घर जाकर गारंटी रजिस्ट्रेशन कैंम्पेन के माध्यम से आम आदमी पार्टी के युवा कार्यकर्ता ‘आप’ की विचारधारा को पहुंचाने के लिए गांव, कस्बे, शहर, मोहल्ले और घर-घर जा रहे हैं। इससे हर वर्ग और समाज के लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। अरविंद केजरीवाल की लोगों के मुद्दों को सुलझाने की राजनीति से प्रभावित होकर लोग आम आदमी पार्टी से जुड रहे हैं। आम आदमी पार्टी की सभाओं, रैलियों और सोशल मीडिया में प्रचार और प्रसार में बड़ी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर यह साफ है कि लोग इस बार बदलाव लाने के मूड में हैं।