Gujrat Political News : गुजरात में चारों तरफ चल रही है बदलाव की आंधी : अरविंद केजरीवाल
The storm of change is blowing all around in Gujarat: Arvind Kejriwal
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 03:18 AM
Ahmedabad/Unjha : अहमदाबाद/उंझा (गुजरात)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उंझा में आयोजित जनसभा में कहा कि मैं आशा वर्कर बहनों से आज सुबह मिला, उनकी समस्याएं सुनीं। मैंने उनको विश्वास दिलाया कि जैसे दिल्ली और पंजाब में आशा वर्कर की मांगे पूरी की गई हैं, वैसे ही गुजरात में भी सारी मांगे पूरी की जाएगी। मैंने पिछले जन्म में बहुत पुण्य किए होंगे कि आज मुझे गुजरात की जनता से इतना प्यार मिल रहा है। मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि जितनी गारंटी जितने वादे हम कर रहे हैं, सरकार बनने के बाद उस सब को पूरा किया जाएगा। आज गुजरात में चारों तरफ बदलाव की आंधी चल रही है। आईबी की एक रिपोर्ट आई है, जिसमें कहा गया है कि दिसंबर में गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। आईबी की रिपोर्ट कह रही है कि आम आदमी पार्टी की 94-95 सीट आ रही है।
Gujrat Political News :
पिछले कुछ सालों से गुजरात में इतने आंदोलन हुए, इतने विरोध हुए, पाटीदार आंदोलन हुआ, किसान आंदोलन हुआ, मालधारी आंदोलन हुआ, ठाकुर आंदोलन हुआ, पुलिस ग्रेड-पे आंदोलन हुआ, क्षत्रिय समाज का आंदोलन हुआ, आदिवासी समाज का आंदोलन हुआ, कई सारे कर्मचारियों का आंदोलन हुआ, एक्स सर्विसमैन का आंदोलन हुआ, इन लोगों ने उनमें से किसी को नहीं छोड़ा, छोटे-छोटे बच्चे युवाओं पर झूठे केस बनाकर उन्हें जेल में डाल दिया। 8 दिसंबर को गिनती होगी 15 दिसंबर तक हमारी सरकार बन जाएगी। उसके बाद सबसे पहला काम करेंगे, सारे झूठे केस को वापस ले लिया जाएगा, सबको अपने घर भेज दिया जाएगा। जिन पर भी झूठे केस लगा कर सस्पेंड किया गया है उन सभी को वापस लिया जाएगा।
दिल्ली और पंजाब में हम शहीद परिवारों को एक करोड़ की सम्मान राशि देते हैं। यह गुजरात में भी लागू होना चाहिए। अगर कोई जवान शहीद हो जाता है या कोई पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर शहीद हो जाता है तो गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद उसके परिवार को एक करोड़ की सम्मान राशि दी जाएगी। इस सरकार की नियत खराब है, इसलिए वह कुछ नहीं देते। हम पिछले 5 साल में जितने भी सैनिक शहीद हुए हैं, उन्हें भी एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। मैं खुद उनके घर जाकर एक करोड़ रुपए देकर आऊंगा।
जब दिसंबर में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, तब सबसे पहला काम भ्रष्टाचार खत्म करने का करेंगे। मुझे एक व्यक्ति ने बताया कि गुजरात का एक एमएलए है, जब वह पिछला चुनाव लड़ा, तब उसकी 4 एकड़ जमीन थी। आज 5 साल के बाद उसकी 1000 एकड़ जमीन हो गई है। कहां से आई यह जमीन? सभी एमएलए का यही हाल है, गुजरात को लूट लिया है। फिर कहते हैं कि सरकार घाटे में चल रही है। सुबह से उठकर शाम तक रोटी खाने में, दूध पीने में, पंखा चलाने में, साबुन इस्तेमाल करने में हर जगह गरीब से गरीब आदमी टैक्स देता है तो सरकार घाटे में क्यों है? कहां जाता है सारा पैसा? गुजरात सरकार हर साल ढाई लाख करोड़ रुपये खर्च करती है। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि पिछले 27 साल में आपके गांव में कोई सड़क बनी? कोई स्कूल बना? कोई अस्पताल बना? किसी को दवा दी? उन्होंने कोई काम कराया? उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले 27 सालों में कोई काम नहीं कराया। तो यह लोग हर साल ढाई लाख करोड़ रुपये खर्च कहां करते हैं? यह लोग अपनी प्रॉपर्टी बनाते हैं, जमीन खरीदते हैं, सारे पैसे स्विस बैंक में ले जाते हैं।
Gujrat Political News :
जब भ्रष्टाचार खत्म करेंगे, तब बहुत सारा पैसा बचेगा। उन पैसों से सबसे पहले आपकी बिजली मुफ्त करेंगे। मेरे पास गुजरात से बहुत लोग आते हैं और कहते हैं कि महंगाई बहुत बढ़ गई है, बच्चे पालने के पैसे नहीं हैं और आमदनी भी बढ़ती नहीं है। दिल्ली और पंजाब के अंदर हमने बिजली मुफ्त कर दी और जिस के पुराने बिल बाकी थे उन सब के पुराने बिल माफ कर दिए। अब दिल्ली और पंजाब में लोगों के जीरो बिल आते हैं। दिल्ली में 42 लाख लोगों के बिजली के बिल जीरो आते हैं और पंजाब में 50 लाख लोगों के बिजली के बिल जीरो आते हैं। दिसंबर में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और 1 मार्च से गुजरात के लोगों के बिजली के बिल जीरो आया करेंगे। यह दोनों पार्टियां मुझे गाली दे रही है कि केजरीवाल फ्री की बिजली क्यों देता है? केजरीवाल फ्री की रेवड़ी क्यों बांटता है? उनके मुख्यमंत्री को 5000 यूनिट और दूसरे एमएलए को 4000 यूनिट बिजली मुफ्त मिलती है। गुजरात के मुख्यमंत्री और मंत्रियों को बिजली मुफ्त मिले तो इनको दिक्कत नहीं है लेकिन अगर गुजरात की जनता को 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिल जाए तो इनको दिक्कत होती है।
18 साल के ऊपर की जितनी महिलाएं हैं उन सब के अकाउंट में हर महीने एक 1000 रुपये सम्मान राशि डलवाएंगे। अगर 18 साल के ऊपर की कोई महिला है, जिसके पास बैंक अकाउंट नहीं है तो वह अपना बैंक अकाउंट खुलवा ले। ये लोग कहते हैं कि महिलाओं को पैसे देने की क्या जरूरत है? कितनी ऐसी बेटियां हैं, जिनकी पैसे की कमी के कारण पढ़ाई छूट जाती है। ऐसी बेटियों के हाथ में हजार रुपये देने से उनके आने जाने के भाड़े में मदद हो जाएगी और उनकी पढ़ाई पूरी हो जाएगी। कितनी ऐसी बहने है जो महंगाई की वजह से अपने बच्चों को दूध और अच्छी सब्जी नहीं खिला पाती, अच्छी पढ़ाई नहीं करवा पाती अगर उनके हाथ में हजार रुपये रखेंगे तो वह अपने बच्चों को अच्छे से पाल सकती हैं।
जैसे अभी गुजरात के सरकारी स्कूल खराब है वैसे पहले दिल्ली में भी सरकारी स्कूलों का बेड़ा गर्क था। हमारी सरकार बनने के बाद हमने दिल्ली के सारे सरकारी स्कूल शानदार कर दिए। आज दिल्ली के सरकारी स्कूल के नतीजे भी बहुत शानदार आ रहे हैं। दिल्ली में मजदूरों के बच्चे, रिक्शा वालों के बच्चे, मोची के बच्चे, इस्त्री करने वाले के बच्चे, गरीबों के बच्चे डॉक्टर और इंजीनियर बन रहे हैं। दिल्ली में गगन नाम का एक लड़का है उसके पिताजी फैक्ट्री में मजदूरी का काम करते हैं, वह 8000 रुपये महीना कमाते हैं। उसका अभी इंजीनियरिंग में एडमिशन हो गया है, अब वह लड़का इंजीनियर बनेगा। दूसरा लड़का है सुधांशु उसके पिताजी ड्राइवर है, 10 हजार रुपये महीना कमाते हैं उसका भी इंजीनियरिंग में एडमिशन हुआ है। ऐसे हजारों बच्चे हैं जो सरकारी स्कूलों से निकलकर डॉक्टरी और इंजीनियरिंग में एडमिशन ले रहे हैं। दिल्ली के अंदर बहुत सारे लोग प्राइवेट स्कूलों से अपने बच्चों का नाम कटवा कर सरकारी स्कूलों में भर्ती करवा रहे है।
Gujrat Political News :
केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में शानदार स्कूल बनाएं। जब वे गुजरात आए थे, तब उन्होंने गुजरात के लोगों से भी वादा किया था कि गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद हर गांव में शानदार सरकारी स्कूल बनाएंगे। लेकिन, यह लोग नहीं चाहते कि मनीष सिसोदिया गुजरात में प्रचार करें। इसलिए आज उन्हें सीबीआई वालों ने बुलाया है। लेकिन कितने महीनों तक ये लोग मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करेंगे? जैसे ही 8 दिसंबर को नतीजे आएंगे वैसे ही आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। जेल के ताले टूटेंगे, मनीष सिसोदिया छूटेंगे। मैं मनीष सिसोदिया से कहना चाहता हूं कि यदि आप नहीं आ पाएंगे तो प्रचार बंद नहीं होगा, गुजरात की सारी जनता घर-घर जाकर प्रचार कर रही है।
दिल्ली में हमने हर आदमी का इलाज मुफ्त कर दिया। आज अगर किसी को कोई गंभीर बीमारी हो जाती है तो घर, जमीन, जायदाद, जेवर सब गिरवी रखना पड़ता है लेकिन दिल्ली में सारा इलाज मुफ्त है। चाहे अमीर हो या गरीब हो सारा इलाज मुफ्त, सारी दवाइयां मुफ्त, सारे टेस्ट मुफ्त, चाहे कितना भी बड़ा ऑपरेशन हो वह भी मुफ्त। हमने दिल्ली में 2 करोड़ लोगों का सारा इलाज मुफ्त कर दिया और अब पंजाब में भी करने जा रहे हैं। पंजाब में 100 मोहल्ला क्लिनिक खोले है और भी खोलेंगे। गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद हर एक छोटे गांव में मोहल्ला क्लीनिक खुलेंगे। इस तरह गुजरात में 20,000 मोहल्ला क्लीनिक खोलेंगे। चाहे कितने भी बड़ी बीमारी हो, हर आदमी का इलाज मुफ्त होगा। गुजरात में 6.5 करोड़ लोगों का सारा इलाज मुफ्त करेंगे।
जब पिछली बार में गुजरात आया था तो एक लड़का मुझसे मिलने आया था। उसने कहा कि मैं अपने एरिया के नेता से मिलने गया कि मेरे पास रोजगार नहीं है, मुझे रोजगार दे दो, तो उसने मुझे जवाब दिया कि तुम कुछ काम के नहीं हो तुम्हें कुछ काम नहीं आता इसलिए तुम्हारे पास रोजगार नहीं है। इन लोगों को 27 साल से इतना अहंकार आ गया है कि यह लोग हमारे बच्चों को गालियां देते हैं। दिल्ली में मैंने 5 साल में 12,00,000 बच्चों के लिए रोजगार पैदा किए। पंजाब में भगवंत मान साहब ने पिछले 6 महीने में 17,000 बच्चों को सरकारी नौकरियां दी है। हमारी नियत भी है और हमें काम भी करना आता है। हमने वादा किया है कि जब गुजरात में हमारी सरकार बनेगी तो हर बच्चे के लिए रोजगार का इंतजाम करेंगे और जब तक रोजगार नहीं मिल जाता तब तक 3000 का बेरोजगारी भत्ता देंगे और 10 लाख सरकारी नौकरियों का इंतजाम करेंगे। अगर आप अपने बच्चों को बेरोजगार रखना चाहते हैं, गालियां खाना चाहते हैं तो आप इनको वोट दे देना, 27 साल से यही चल रहा है और यदि आपके बच्चों के लिए रोजगार चाहिए तो आम आदमी पार्टी को वोट देना, झाड़ू का बटन दबा देना। यह जो पेपर फूटते हैं वह ऐसे ही थोड़ी फूटता है इसमें जरूर कोई ना कोई बड़ा नेता शामिल है। 2015 के बाद से जितने भी पेपर फूटे हैं, सबकी जांच करवाएंगे और इसमें जितने भी बड़े-बड़े नेता शामिल हैं उनको जेल भिजवाएंगे। दो साल पहले तलाठी की परीक्षा के लिए 25 लाख लोगों ने आवेदन दिया था, पर इन्होंने वह परीक्षा रद्द कर दी। दिसंबर में हमारी सरकार बनेगी और हम फरवरी में तलाटी का पेपर करवा देंगे।
अगले साल भगवान श्रीराम का मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। सब लोग मंदिर देखने जाना चाहते हैं। लेकिन आने जाने में और खाने-पीने में काफी खर्चा हो जाता है। लेकिन, दिल्ली में हमने एक योजना शुरू की है, जिसमें हम दिल्ली वालों को मुफ्त में अयोध्या के भगवान श्री राम के दर्शन करने ले जाते हैं। दिल्ली से एक स्पेशल ट्रेन जाती है। इन सभी राम भक्तों का आना जाना, खाना पीना रहना सब फ्री है। यहां तक कि आपको घर से लेना और अंत में घर छोड़ना यह सब जिम्मेदारी भी दिल्ली सरकार निभाती है। मेरा गुजरात की जनता से वादा है कि गुजरात में भी हमारी सरकार बनने के बाद गुजरात के लोगों को मुफ्त में अयोध्या के भगवान श्रीराम के दर्शन करने ले जाएंगे।
ये लोग मुझे कहते हैं कि केजरीवाल फ्री की रेवड़ी बांट रहा है। क्योंकि इनको डर लग रहा है कि अगर केजरीवाल की सरकार आ गई और उसने सब जनता में बांट दिया तो इनकी लूट बंद हो जाएगी। कांग्रेस और भाजपा एक हो गई है। इन लोगों ने कैसे भी करके ठान लिया है कि आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं बननी चाहिए। गुजरात के अंदर बहुत बड़ी आंधी चल रही है बदलाव की। सारा गुजरात बदलाव मांग रहा है। मेरी गुजरात की जनता से विनती है कि इस बार धोखा मत खाना कांग्रेस को वोट देकर अपने वोट बंटने मत देना। कांग्रेस को वोट देकर भाजपा को मत जीता देना। कांग्रेस को वोट देकर अपना वोट खराब मत करना। कांग्रेस की 10 से भी कम सीट आ रही है और वह जितने भी सीट आएगी वह फिर बाद में भाजपा में जुड़ जाएंगे। इस बार गुजरात को डबल इंजन सरकार नहीं चाहिए, नई सरकार चाहिए। मैं बस एक मौका मांगने आया हूं। कांग्रेस को 70 साल दिए, बीजेपी को 27 साल दिए, हमें बस एक मौका दे दीजिए। अगर मैं काम ना करूं तो अगली बार वोट मांगने नहीं आऊंगा। बहुत बड़ा बदलाव आ रहा है, आप सब इस बदलाव का हिस्सा बने। हम सब मिलकर एक नया गुजरात बनाएंगे।
उंझा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उंझा के लोगों का उत्साह देखकर पता चलता है कि गुजरात के लोग इस बार चुनाव में एक नया इतिहास लिखने जा रहे हैं। हम जुमले सुनाने वाले नहीं हैं हम आपको झूठे सपने दिखाने वाले नहीं हैं लेकिन हम आपके बच्चों को अच्छी शिक्षा देने वाले हैं अच्छी शिक्षा पाए हुए बच्चों को अच्छा रोजगार देने वाले हैं और बुजुर्गों को नमोस्तु में इलाज देने वाले हैं और तो और हम आपके बिजली का बिल जीरो करने वाले हैं इसीलिए हम यह कभी नहीं कहते कि अच्छे दिन आने वाले हैं लेकिन हम हमेशा यही कहते हैं कि अच्छे दिन आने वाले हैं।
आज की सभा में काफी बड़ी संख्या में माता बहनें आई हैं और यह काफी अच्छी बात है क्योंकि आज कितनी महंगाई बढ़ी है उस महंगाई का सबसे ज्यादा मार महिलाएं ही झेलती है। इनको सब पता है कि अब तो पराठे पर भी 18ः टैक्स लग गया है। दूध, दही, छास जैसी कोई चीज नहीं बची जिस पर टैक्स ना हो अब सिर्फ सांस लेने पर टैक्स लगाना बाकी है। यहां पर काफी सारी आशा वर्कर बहने आई है। पंजाब में हमने आशा वर्कर बहनों को वादा किया था कि हमारी सरकार बनने के बाद हम उनको पूरा मान सम्मान देंगे और ऑफिस के साथ-साथ अच्छा माहौल भी देंगे। और 7 महीने की सरकार में हमने यह वादा पूरा किया है, क्योंकि हम जानते हैं कि आशा वर्कर बहने सबसे ज्यादा काम करती हैं। यहां आने से पहले मुझे पता चला था कि कुछ दिन पहले गुजरात में आशा वर्कर बहने आंदोलन कर रही थी और पुलिस ने उनको हिरासत में लेकर जेल में डाल दिया था। मैं बस इतना ही कहना चाहूंगा कि अगर नारी शक्ति को जेल में डाल दोंगे, तो तुम खुद कहां जाओगे। लेकिन गुजरात की आशा वर्कर बहनों को पता है कि दिसंबर में वह सरकार बदलने जा रही है।
उंझा में आयोजित जनसभा में आम आदमी पार्टी के नेशनल ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी इसुदान गढ़वी और प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बेचराजी विधानसभा के उम्मीदवार सागर रबारी मौजूद थे।