अचानक टूटा वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला पुल, नदी की गहराई में समाई गाड़ियां, 6 की मौत
भारत
चेतना मंच
09 Jul 2025 04:57 PM
Gujrat News : गुजरात के वडोदरा जिले में आज (बुधवार) सुबह एक बड़ा हादसा हो गया जब वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला महिसागर नदी पर बना गंभीरा पुल अचानक टूट गया। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे पादरा क्षेत्र में हुआ, जब पुल का एक हिस्सा ढह गया और उस वक्त गुजर रहे कई वाहन सीधे नदी में गिर गए।
पुल टूटते ही गाड़ियों का काफिला नदी में समा गया
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 3 लोग घायल हैं। चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अभी भी नदी में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के टूटने के वक्त वहां से गुजर रहे दो ट्रक, एक कार और दो दोपहिया वाहन पुल के साथ ही नदी में गिर गए। इनमें से एक ट्रक पुल के टूटे हिस्से पर अटका हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि बाकी वाहन नदी में डूब गए।
दमकल-पुलिस और गोताखोर जुटे राहत कार्य में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, फायर ब्रिगेड, पुलिस टीम, और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। पादरा के पुलिस निरीक्षक विजय चरण ने बताया कि, "पुल के एक हिस्से के गिरने से कई वाहन सीधे नदी में गिर गए। हमने अब तक चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, बाकी की तलाश जारी है।"
हादसे की गंभीरता देख मौके पर पहुंचा प्रशासन
मौके पर राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। हादसे में गिरे वाहनों को बाहर निकालने और संभावित लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है। प्रशासन हादसे के कारणों की भी जांच कर रहा है। फिलहाल पुल के जर्जर होने और अधिक भार को संभावित वजह माना जा रहा है। Gujrat News