Gujrat Political News : लोकशाही की हत्या करने वाली भाजपा ने एक बार फिर ‘ऑपरेशन कीचड़’ को अंजाम दिया : गोपाल इटालिया
भारत
RP Raghuvanshi
15 Sep 2022 09:39 PM
भारत
RP Raghuvanshi
15 Sep 2022 09:39 PM
Ahmedabad : अहमदाबाद। आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया ने कहा कि गोवा में भाजपा का ‘ऑपरेशन कीचड़’ सफल रहा। जिस तरह सीरियल किलर एक ही पैटर्न पर हत्यायें करता है, उसी तरह जानलेवा मानसिकता के साथ लोकशाही की हत्या करने वाली भाजपा ने एक बार फिर ‘ऑपरेशन कीचड़’ को अंजाम दिया है। एक तरफ भाजपा के लोग पूरे देश में भ्रम फैला रहे हैं कि अगर बिजली मुफ्त दी गई तो पैसा कहां से आएगा, शिक्षा मुफ्त दी जाएगी तो पैसा कहां से आएगा और देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी। लेकिन, दूसरी ओर एक विधायक को खरीदने के लिए 25 से 30 करोड़ रुपये ‘ऑपरेशन कीचड़’ पर खर्च कर रही है। ये पैसे कहां से आ रहे हैं।
गोपाल इटालिया ने कहा कि एक तरफ जहां जनता को सुविधाएं देने की बात हो, पुलिस का वेतन बढ़ाने की बात हो, पूर्व सैनिकों को अधिकार देने की बात आती है तो सरकार का कहना है कि पैसे नहीं हैं। लेकिन, अगर गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में विधायकों को खरीदना है तो भाजपा के पास खूब पैसे आ जाते हैं। कुछ समय पहले यह ‘ऑपरेशन कीचड़ पार्टी’ दिल्ली में भी कीचड़ फैलाने के लिए आई थी। लेकिन, ईमानदार आम आदमी पार्टी के तमाम सैनिक और अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व में चल रही पार्टी ने उस ऑपरेशन को विफल कर दिया।
उन्होंने कहा कि दो दिन पहले ‘ऑपरेशन कीचड़ पार्टी’ के जरिए पंजाब में आम आदमी पार्टी के करीब 10 विधायकों को 25-30 करोड़ रुपये की ऑफर देकर आम आदमी पार्टी छोड़ने की बात कही थी। लेकिन उसका ऑपरेशन पंजाब में भी फेल हो गया। हम देख रहे हैं कि आज विधायकों को खरीदने के लिए करोड़ों रुपये के बजट का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक तरफ सरकार के पास बच्चों को पढ़ाने के लिए पैसे नहीं हैं, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए पैसे नहीं हैं और दूसरी तरफ एक-एक विधायक को खरीदने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। आज पूरा देश इन सब घटनाओं को देख रहा है और गुजरात के लोग भी इस कीचड़ फैलाने वाली पार्टी को देख रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कीचड़ पार्टी को झाड़ू से साफ कर दिया जाएगा और गुजरात में सकारात्मक राजनीति की शुरू जाएगी।
भाजपा के एक नेता ने अरविंद केजरीवाल पर अर्बन नक्सली होने और देश के युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में गोपाल इटालिया ने कहा कि इस तरह के आरोप लगाने वाले भाजपा नेता में अगर थोड़ी सी भी शर्म बची है तो भाषण देने के बजाय, गुजरात पुलिस को लिखित में फरियाद देकर कहना चाहिए कि कौन नक्सली है और क्या देश विरोधी गतिविधियां की जा रही हैं।
पूर्व गृह मंत्री विपुल चौधरी की गिरफ्तारी पर गोपाल इटालिया ने कहा कि जिस तरह से देशभर में कीचड़ पार्टी द्वारा सीबीआई, ईडी, पुलिस और इंटेलिजेंस का दुरुपयोग किया जा रहा है, वह बहुत दुखद है। आज कोई भी व्यक्ति जब कीचड़ पार्टी के लोगों के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसे जेल में बंद कर दिया जाता है। आधी रात को गैरकानूनी तरीके से उनकी गिरफ्तारी की जाती है। विपुल भाई चौधरी के साथ जो हुआ है, वह निंदनीय है। वह लंबे समय से कीचड़ पार्टी के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं इसलिए उनकी आवाज को दबाने के लिए उनके खिलाफ यह गलत कार्रवाई की गई है।