कहीं स्कूल बंद, कहीं ऑफिस से छुट्टी, गुरुग्राम में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
भारत
RP Raghuvanshi
02 Sep 2025 11:16 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Sep 2025 11:16 AM
हरियाणा के गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से पटरी से उतार दिया है। सोमवार को दिनभर हुई मूसलधार बारिश के बाद सड़कें तालाब बन गईं और घंटों लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हालात इतने बिगड़े कि जिला प्रशासन को स्कूलों में छुट्टी और कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह देनी पड़ी। Gurugram News
सड़कों पर जलजमाव और भीषण जाम
बारिश के बाद गुरुग्राम की सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया। कई इलाकों में जलजमाव इतना गंभीर हो गया कि गाड़ियां बंद पड़ने लगीं। एनएच-48 पर करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला। शाम को ऑफिस से निकलने वाले लोग घंटों फंसे रहे और कई एंबुलेंस भी जाम में अटक गईं। कुछ लोगों को घर पहुंचने में आधी रात लग गई। शुभ्रो पार्क के पास दिल्ली-गुरुग्राम रोड, और नेशनल हाईवे जैसे प्रमुख रास्तों पर पानी भरा रहा। जानकारी के अनुसार, सोमवार को गुरुग्राम की विभिन्न तहसीलों में 120 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह
जिला प्रशासन ने हालात को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। साथ ही स्कूलों को ऑनलाइन क्लासेज संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कंपनियों से अपील की है कि कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जाए ताकि लोग अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
मौसम विभाग ने फिर जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विभाग (IMD) ने गुरुग्राम सहित पूरे हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के लिए अगले 24 से 36 घंटों तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, रविवार से पूरे क्षेत्र में मानसून जोर पकड़ चुका है और कई इलाकों में बारिश की तीव्रता और बढ़ने की संभावना है।
भारी बारिश के कारण हरियाणा में यमुना सहित कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। यमुनानगर में स्थित हथिनीकुंड बैराज के कई द्वार खोलने पड़े हैं। एहतियात के तौर पर निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और कुछ जिलों में आज (मंगलवार) के लिए स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। पड़ोसी राज्य पंजाब में भी हालात गंभीर हैं। वहां सतलुज, ब्यास और रावी जैसी नदियां उफान पर हैं जिनका सीधा असर गुरुग्राम और उत्तरी भारत के अन्य हिस्सों पर पड़ सकता है। Gurugram News