वीडियो वायरल होने के बाद मामला यातायात पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने कार की पहचान कर उसे थाने पहुंचाया और युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। इतना ही नहीं युवक को अपनी कार पर बने लिपस्टिक के निशान खुद साफ करने पड़े

ग्वालियर की सड़कों पर इन दिनों एक ऐसी कार ने लोगों का ध्यान खींच लिया जिसे देखकर शायद पहली नजर में किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से बने किस के निशान थे। कार सिर्फ सड़क पर ही चर्चा में नहीं आई बल्कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि कार के मालिक युवक ने सोशल मीडिया पर रील बनाने और ज्यादा व्यूज पाने के लिए कार को इस तरह सजाया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला यातायात पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने कार की पहचान कर उसे थाने पहुंचाया और युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। इतना ही नहीं युवक को अपनी कार पर बने लिपस्टिक के निशान खुद साफ करने पड़े।
यह पूरा मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, युवक की गर्लफ्रेंड ने कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से किस के निशान बनाए थे। इसके बाद कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया। वीडियो में कार की बॉडी पर जगह-जगह लिपस्टिक के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। अलग अंदाज की वजह से वीडियो लोगों का ध्यान खींचने लगा और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया गया कि एक दिन में वीडियो को करीब 55 लाख व्यूज मिल गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैलने के बाद यातायात पुलिस की नजर भी इस पर गई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार की पहचान करने की कोशिश शुरू की। यातायात पुलिस के मुताबिक, वीडियो में कार तेज रफ्तार से सड़क पर चलती हुई नजर आ रही थी। कार की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके मालिक के बारे में जानकारी जुटाई और कार को ग्वालियर के थाटीपुर इलाके से बरामद कर लिया। पुलिस कार को यातायात थाने ले गई और उसके मालिक को भी बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, युवक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में युवक ने कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशान खुद पानी से साफ किए।
यातायात पुलिस ने इस मामले में युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के अलग-अलग प्रावधानों के तहत कार्रवाई की। यातायात थाना प्रभारी के मुताबिक, युवक पर 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया।
विज्ञापन