
Haryana Home Minister : भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में प्रवेश करने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कड़ाके की ठंड में भी टी शर्ट पहनने को लेकर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने अजीबो गरीब बयान दिया है या ये कहा जा सकता है कि तंज कसा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पप्पू पहले भी पप्पू था और आगे भी पप्पू ही रहेगा। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में तहलका मचा दिया है।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने ट्विटर पर लिखा कि राहुल गांधी को ठंड में टी शर्ट पहनाकर कांग्रेस ये साबित करना चाहती है कि राहुल गांधी अब बच्चा नहीं रहा बल्कि बड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि मेकअप बदलकर रामलीला में कलाकार बदले जा सकते हैं, लेकिन वास्तविक जिंदगी में नहीं। अनिल विज ने कांग्रेस को सलाह दी है कि भारत जोड़ने से पहले पार्टी को जोड़ना चाहिए।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा रविवार की शाम धर्मनगरी कुरुक्षेत्र पहुंची। कुरुक्षेत्र में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा समाज में फैलाई जा रही नफरत, भय, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पैदल मार्च तपस्या और आत्म-चिंतन के लिए है। राहुल गांधी ने भाजपा (BJP) औऱ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) को आड़े हाथों लिया।
आपको बता दें कि सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा का समापन श्रीनगर में होगा. 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी राष्ट्रीय ध्वज फहराकर भारत जोड़ो यात्रा को समाप्त करने का एलान करेंगे।