
Himachal Pradesh Ministers List: हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार हो गया है। हिमाचल प्रदेश में 7 मंत्री बनाए गए हैं। राजभवन में आज जगत सिंह नेगी, चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, धनीराम शांडिल और अनिरुद्ध सिंह को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। सुक्खू कैबिनेट में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को भी शामिल किया गया है। उनको सरकार के अहम विभागों की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में सोलन (सुरक्षित) सीट से तीन बार के विधायक धनीराम शांडिल को भी मंत्री बनाया गया है। वहीं, पूर्व डिप्टी स्पीकर जगत सिंह नेगी, विधायक हर्षवर्धन चौहान और विधायक रोहित ठाकुर को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है।
7 मंत्रियों ने ली शपथ
हिमाचल प्रदेश के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राजभवन में आज सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के 7 मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कैबिनेट विस्तार के मुद्दे पर पार्टी आलाकमान और वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया था। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जीतने के बाद आज से करीब एक महीने पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री ने सीएम और डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी।
अपने पहले कैबिनेट विस्तार के लिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंत्रियों की लिस्ट आलाकमान को सौंप दी थी। जिसके बाद राज्य में कैबिनेट विस्तार के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंजूरी दे दी थी।