
Himachal Pradesh Assembly Elections: पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी लगातार चरम पर है। केंद्रीय दलों के नेता लगातार हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भाजपा की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से हिमाचल प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह यहां पर छह चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे, वहीं अन्य जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
न्यूज एजेंसी के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह हिमाचल प्रदेश में ताबड़तोड़ रैलियों को संबोधित करेंगे। एक से दो नवंबर तक अमित शाह हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। यहां विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शाह की 2 दिनों में 6 रैलियां होने वाली हैं। भाजपा एक बार फिर अपनी सत्ता को बचाने के लिए पूरा जोर लगा रही है।
जानकारी के अनुसार अमित शाह एक नवंबर को भट्टियाट, कारसोग और कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्रों में रैली करेंगे। वहीं 2 नवंबर को धर्मशाला, नादौन और नालागढ़ में रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा शिमला में पार्टी नेताओं के साथ एक बैठक भी कर सकते हैं। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को 68 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होने वाले हैं। यहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।