Himachal Pradesh Election : भाजपा ने हिमाचल में किया 8 लाख नौकरियों का वादा, महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण
BJP promises 8 lakh jobs in Himachal, 33 percent reservation for women
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:34 AM
Shimla : शिमला। भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर रविवार को अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया। पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी करते हुए हिमाचल पद्रेश में सरकार बनने पर महिलाओं को रोजगार में 33 प्रतिशत आरक्षण और छात्राओं को साइकिल और स्कूटी देने का वादा किया है। महिलाओं को एक साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर भी देने की बात कही है। पार्टी ने आठ लाख रोजगार देने का भी वादा किया है।
Himachal Pradesh Election :
जेपी नड्डा ने बताया कि हिमाचल में भाजपा सरकार यूनिफार्म सिविल कोड लेकर आएगी। भाजपा सरकार बनने पर अन्नदाता सम्मान निधि योजना के तहत तीन हजार रुपये सालाना दिए जाएंगे। आठ लाख से ज्यादा रोजगार मुहैया कराया जाएगा। हिमाचल प्रदेश के सभी गांव पक्की सड़कों के साथ जोड़े जाएंगे। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 12000 करोड़ खर्च किए जाएंगे। आधारभूत ढांचा सुदृढ़ किया जाएगा। 12 प्रतिशत जीएसटी पर पैकेजिंग मैटेरियल मिलेगा। बाकी का भुगतान सरकार करेगी। पांच नए मेडिकल कालेज खोले जाएंगे। मोबाइल वैन की संख्या दोगुनी की जाएगी। हिम स्टार्टअप योजना चलाई जाएगी। 900 करोड़ के बजट का प्रावधान किया जाएगा। सैनिकों के परिवार की आर्थिक मदद बढ़ाएगी। वक्फ की प्रापर्टी का सर्वे किया जाएगा। यदि गैरकानूनी तरीके से प्रयोग हो रहा है तो उस पर रोक लगाई जाएगी।
Himachal Pradesh Election :
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की सुविधाओं व अधिकार को लेकर 11वां संकल्प है। संकल्प पत्र में वेतन विसंगतियों को दूर करने का वादा किया गया है। इसके अलावा महिलाओं के लिए प्रतिबद्धता, छात्राओं को साइकिल और स्कूटी, महिलाओं को तीन घरेलू गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। बारहवीं कक्षा में टाप पांच हजार छात्राओं को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। छठी से 12वीं तक की छात्राओं को साइकिल और 12वीं के बाद स्कूटी दी जाएगी। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण रोजगार में दिया जाएगा।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा हमने जो वादे किए थे, वे तो पूरे किए ही, इसके अलावा भी बढ़कर काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों को आवास दिया गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मौजूद रहे।