
Hindi Kahani - एक बार की बात है, एक राजा तलवारबाजी कर रहा था तो अचानक से उसके अंगुली में कट लग गया तो पास खड़े मंत्री अचानक बोल उठे, “राजा साहब चिंता ना करें, जो होता है अच्छे के लिए होता है।”
यह सुनते ही राजा को गुस्सा आ जाता हैं। राजा उस मंत्री को कारागृह में बंद करने का आदेश दे देता है और बोलता है इसको फांसी पर चढ़ा दिया जाए।
यह सुनकर मंत्री घबरा गया, उसने राजा से निवेदन किया, ” महाराज! मैंने आपके यहां इतने वर्षों तक काम किया है, क्या आप मेरी अंतिम इच्छा पूरी नहीं करेंगे ?”
राजा बोला,” ठीक है बताओ क्या है तुम्हारी अंतिम इच्छा ?”
मंत्री बोला, “कृपया मुझे 10 दिन का समय दीजिए। उसके उसके बाद आप मुझे जो चाहे वो सजा दे दीजिए।”
राजा ने उसकी अंतिम इच्छा मान ली।
राजा दूसरे दिन अपने सैनिकों के साथ जंगल में शिकार पर निकला। जंगल के बीच में राजा अपने सैनिकों से बिछड़ गए और रास्ता भटक गए। रास्ता ढूंढते हुए राजा वनवासियों के बीच पहुंच गए, जो बलि देने के लिए किसी को ढूंढ रहे थे। वनवासियों ने राजा को पकड़ लिया और वन की देवी को बलि देने के लिए ले गए।
बलि देने की सारी तैयारियां पूरी हो गई थी, जैसे ही राजा को बलि देने के स्थान पर ले जाया गया, वहा खड़े बुजुर्ग की नजर राजा की खंडित अंगुली पर पड़ी। उसने आवाज लगाई कि ये तो खंडित हैं, इसकी बलि नहीं दी जा सकती। जिसके बाद वनवासियों ने राजा को छोड़ दिया।
राजा जैसे तैसे वहां से निकला और अपने राज्य पहुंचा। सबसे पहले कारागृह में अपने मंत्री से मिलने पहुंचा।
राजा ने मंत्री से कहा, ”आपने सही कहा था अगर मेरी अंगुली नहीं कटी होती तो मैं जिंदा नहीं होता, यानी जो होता है वो अच्छे के लिए होता हैं।”
राजा ने फिर पूछा, ”मेरा तो फायदा हुआ लेकिन आपका कैसे फायदा हुआ। मैंने तो आपको सजा दी।”
मंत्री बोला, “मैं आपके साथ शिकार पर हमेशा रहता हूं, लेकिन मेरे जेल में बंद होने के कारण मैं आपके साथ नहीं था, नहीं तो आपकी जगह मेरी बलि चढ़ जाती। इसलिए मेरे साथ भी जो हुआ अच्छा हुआ।”
राजा प्रसन्न हुआ, लेकिन छोटी सी बात पर मंत्री को सजा देने का दुख भी हुआ। इसलिए राजा ने मंत्री को कारागृह से निकल कर फिर से अपने साथ रख लिया।
शिक्षा: दोस्तों अपने जीवन में भी बहुत से उतार चढ़ाव आते रहते हैं। कभी कभी कुछ चीज़ें मन मुताबिक नहीं होती हैं। इस कारण से कभी निराश नहीं होना चाहिए।
हमेशा याद रखे जो होता हैं-अच्छे के लिए होता हैं। भले ही कुछ अच्छा हो या न हो, लेकिन उस परिस्थिति के प्रति सकारात्मक नजरिया रखने से उसका प्रभाव बहुत कम हो जाता हैं। Hindi Kahani
————————————— यदि आपको भी कहानी, कविता, गीत व गजल लिखने का शौक है तो उठाइए कलम और अपने नाम व पासपोर्ट साइज फोटो के साथ भेज दीजिए। चेतना मंच की इस ईमेल आईडी पर- chetnamanch.pr@gmail.com हम आपकी रचना को सहर्ष प्रकाशित करेंगे।