Hiraben Modi : प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबेन की हालत में सुधार
Improvement in the condition of Prime Minister Modi's mother Heeraben
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 09:44 AM
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अहमदाबाद के जिस अस्पताल में वह भर्ती हैं, उसने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
हीराबेन (99) को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के चलते बुधवार को सुबह यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को दोपहर में दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे थे। यहां अस्पताल में अपनी मां से मुलाकात की थी। वह एक घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में रुके थे। उन्होंने सिविल अस्पताल के परिसर में स्थित सरकार द्वारा वित्तपोषित स्वायत्त चिकित्सा सुविधा में चिकित्सकों से भी बात की थी। अस्पताल ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि हीराबा मोदी की सेहत में सुधार हो रहा है।
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी के बड़े भाई सोमभाई मोदी ने कहा कि उनकी (हीराबेन) हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। वह अभी काफी बेहतर हैं। वे अपने हाथ और पैर भी हिला पा रही हैं। उन्होंने इशारों में हमें बताया कि हम उन्हें बिठा दें। साथ ही उन्होंने अस्पताल की ओर से दिया गया तरल आहार भी ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि आज सीटी स्कैन और एमआरआई किए जाने के बाद चिकित्सक उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने के संबंध में फैसला करेंगे।
Hiraben Modi
अस्पताल ने बुधवार को कहा था कि प्रधानमंत्री की मां की हालत स्थिर है। हीराबेन गांधीनगर शहर के पास रायसन गांव में प्रधानमंत्री मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ रहती हैं। उन्हें हीरा बा भी कहा जाता है। प्रधानमंत्री जब भी गुजरात दौरे पर आते हैं, तो नियमित रूप से रायसन जाकर अपनी मां से मिलते हैं।