HONEY TRAP CASE: नोएडा। हनी ट्रैप के जरिए रईस व उम्रदराज लोगों को फंसा कर उनसे लूटपाट व हत्या करने वाले गिरोह के गैंग लीडर को थाना सेक्टर 49 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया गैंग लीडर गिरोह की महिला सदस्यों के साथ मिलकर शिकार को होटल अथवा गेस्ट हाउस में बुलाकर उसे बेहोश करने के बाद लूटपाट की घटना को अंजाम देता था। इस गिरोह की एक महिला सदस्य को पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
HONEY TRAP CASE
डीसीपी हरिश्चंद्र ने बताया कि थाना सेक्टर 49 प्रभारी संदीप चौधरी ने मुखबिर की सूचना के आधार पर बरौला टी प्वाइंट के पास से गैंगस्टर एक्ट में वांछित संदीप उर्फ सनी पुत्र जितेंद्र कुमार सिंह निवासी राहुल विहार विजय नगर गाजियाबाद को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी हनी ट्रैप गिरोह का मास्टरमाइंड है। संदीप उर्फ सनी पर थाना फेज 2 थाना सेक्टर 49 मथाना सेक्टर 113 में मुकदमें पंजीकृत है।
संदीप ने अपने साथी विनोद, पूजा शर्मा, सना, सारा उर्फ सायरा और पूनम महतो के साथ मिलकर एक गिरोह बनाया था। यह गिरोह डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों के द्वारा अपलोड की गई फोटो में ऐसे लोगों को टारगेट करते थे जो दिखने में रईस और उम्र दराज होते थे। गिरोह की महिला सदस्य सोशल साइट के जरिए ऐसे लोगों से दोस्ती कर उन्हें होटल बुलाती थी अथवा उनके बताए स्थान पर पहुंच जाती थी। इस दौरान महिला सदस्य उन्हें बहाने से नशे की गोलियां खिलाकर बेहोश कर देती थी और उनके द्वारा पहने गए जेवरात व नकदी को लेकर फरार हो जाती थी। पूरी वारदात के दौरान महिला के अन्य साथी उसके आसपास ही रहते थे। घटना के दौरान यह गिरोह हत्या करने से भी नहीं चूकता था।
डेटिंग ऐप के माध्यम से इस गिरोह ने सैकड़ों लोगों को हनी ट्रैप का शिकार बना कर लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। इस गिरोह का शिकार बनने के बाद अधिकतर लोग लोक लज्जा के कारण पुलिस मे मामले की शिकायत दर्ज नहीं कराते थे। इस गिरोह का शिकार बने एक पीड़ित की शिकायत पर इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इनके अपराधिक इतिहास को देखते हुए इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही की गई थी। इस मामले में सारा उर्फ सायरा हाल में जेल में बंद है। 10 फरवरी को थाना सेक्टर 49 पुलिस ने इस गिरोह की सदस्य पूनम महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेजा है। उन्होंने बताया कि गिरोह की सदस्य सना व विनोद की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।